Himachal: हिमाचल प्रदेश के शिमला, कुल्लू और मंडी जिलों में 31 जुलाई की मध्यरात्रि को बादल फटने से आई बाढ़ में अब तक 22 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 30 से अधिक लापता लोगों की तलाश की जा रही है। युद्ध स्तर पर बचाव अभियान चलाया जा रहा है। वहीं, अधिकारियों ने बुधवार को जानकारी देते हुए कहा, कुल्लू के निरमंड, सैंज और मलाना, मंडी के पधार और शिमला के रामपुर में अचानक आई बाढ़ की खबर है। सबसे ज्यादा प्रभावित समेज गांव है, जो रामपुर उपमंडल के सरपारा पंचायत के अंतर्गत आता है, जहां करीब 25 लोग लापता हैं।
DNA से की जा रही शवों की पहचान
अधिकारियों ने बताया कि मंडी के राजभान गांव से नौ शव बरामद किए गए हैं, कुल्लू जिले के निरमंड और बागीपुल से तीन और शिमला जिले के समेज और धड़कोल, ब्रो और सुन्नी बांध के आसपास के इलाकों से 10 शव बरामद किए गए हैं।कुल 22 शवों में से छह बुधवार को बरामद किए गए- चार शिमला में और दो कुल्लू में। पुलिस ने बताया कि अब तक 12 शवों की पहचान हो चुकी है और शवों की पहचान के लिए डीएनए नमूने लिए जा रहे हैं।
बड़े स्तर पर बचाव अभियान जारी
अधिकारियों के अनुसार, करीब 85 किलोमीटर के क्षेत्र में तलाशी अभियान जारी है। राज्य के राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने बुधवार को कहा कि और शव मिलने की संभावना कम है, क्योंकि बह गए इलाके में पहले ही तलाशी हो चुकी है। करीब 30 लोग जो अभी भी लापता हैं, उनके परिवार के सदस्यों ने उम्मीद खोना शुरू कर दिया है, क्योंकि लगातार बारिश के बीच पीड़ितों का पता लगाने के लिए तलाशी अभियान बुधवार को सातवें दिन भी जारी रहा।
सबसे ज्यादा प्रभावित समेज गांव
समेज गांव में चल रहे अभियान के बारे में जानकारी साझा करते हुए, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) के सहायक कमांडिंग अधिकारी करम सिंह ने कहा, “बारिश हो रही है, लेकिन संयुक्त खोज और बचाव अभियान जारी है।””सतलज नदी में जल स्तर बढ़ रहा है और कई स्थानों पर भूस्खलन भी हो रहा है। सड़कों को साफ करने के लिए जेसीबी और अन्य मशीनों का इस्तेमाल किया जा रहा है। हमारे सैनिक कुशल हैं और रस्सियों के जरिए नदी पार करके उन जगहों की तलाश करते हैं, जहां लापता लोगों के मिलने की संभावना है।
देश और दुनिया की तमाम खबरों के लिए हमारा YouTube Channel ‘PUNJAB KESARI’ को अभी subscribe करें। आप हमें FACEBOOK, INSTAGRAM और TWITTER पर भी फॉलो कर सकते हैं।


Download Android App
Download iOS App



