गुवाहाटी : अगले आम चुनावों के लिए कमर कसते हुए आज भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने वर्ष 2019 के लोकसभा चुनावों में पूर्वोत्तर से 25 संसदीय क्षेत्रों में से 21 सीटों पर जीत का लक्ष्य तय किया। भाजपा के बूथ इकाई प्रमुखों की एक रैली को संबोधित करते हुए शाह ने पार्टी कार्यकर्ताओं से इस लक्ष्य को पूरा करने की दिशा में कार्य करने के लिए कहा।
रैली में शाह ने कहा, ”वर्ष 2019 के चुनाव के लिए मैं लक्ष्य तय करना चाहता हूं। पूर्वोत्तर की 25 सीटों में से हम 21 से अधिक सीटों पर जीतना चाहते हैं।” शाह ने कहा, ”मिजोरम को छोड़कर पूर्वोत्तर के सभी राज्यों में एनईडीए (नॉर्थ- ईस्ट डेमोक्रेटिक अलायंस) घटकों का शासन है। इसलिए आप सभी को इसे आगे बढ़ाने की जरूरत है।” उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में हुए लोकसभा चुनाव में पार्टी ने क्षेत्र से आठ सीटें जीती थीं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मजबूती प्रदान करने के लिये भाजपा को पूर्वोत्तर से अधिक से अधिक सीटें जीतने की आवश्यकता है ताकि क्षेत्र में विकास के कार्यों को जारी रखा जाये। पार्टी प्रमुख ने असम इकाई से यह भी कहा कि वह नेटवर्क का विस्तार करे और ”पन्ना प्रमुख” या मतदाता सूची के प्रत्येक पन्ने का प्रभारी नियुक्त करे।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए यहां क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



