भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने आज यहां नारणपुरा स्थित एक मतदान केंद्र में अपना वोट डाला और लोगों से विकास की यात्रा को आगे ले जाने के वास्ते वोट डालने के लिए बड़ी संख्या में आने की अपील की। वह अपनी पत्नी सोनल शाह और बेटे जय शाह के साथ नारणपुरा उपमंडल कार्यालय में मतदान केंद्र पर वोट डालने आए।
अमित शाह ने मतदान केंद्र से बाहर आने के बाद संवाददाताओं से कहा, मैं मतदाताओं से अपील करता हूं कि वे विकास की यात्रा को आगे ले जाने के लिए अपना वोट डालने के वास्ते बड़ी संख्या में बाहर निकलें।
उन्होंने कहा कि गुजरात के विकास मॉडल की देश भर में प्रशंसा की जाती है। उन्होंने कहा, मेरा विश्वास है कि यह रफ्तार बनी रहेगी और बड़ी संख्या में लोगों को वोट डालना चाहिए ताकि उन लोगों को करारा जवाब दिया जा सके जो गुजरात मॉडल का विरोध करते हैं।
वोट डालने के बाद भाजपा प्रमुख अपने परिवार के साथ पूजा अर्चना करने कामेश्वर शिव मंदिर गए। ट्विटर पर गुजराती भाषा में पोस्ट किए गए संदेश में उन्होंने कहा, आज मतदान का दूसरा और अंतिम चरण है और भाजपा अपने विश्व स्तरीय विकास कार्यो के जरिए पिछले दो दशक से लोगों के भरोसे पर खरी उतरी है।
उन्होंने संदेश में कहा, आपका हर एक वोट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों को मजबूत करने के लिए अहम है ताकि विकास की यात्रा जारी रहे। मैं इस चरण में सभी मतदाताओं से अपील करता हूं कि वे बड़ी संख्या में आएं और वोट डालें।
अमित शाह इस वर्ष अगस्त में राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने से पहले नारणपुरा विधानसभा क्षेत्र से विधायक रह चुके हैं। वर्ष 2012 में वह एक लाख से अधिक वोटों से इस सीट से जीते थे।
भाजपा ने इस बार यहां से कांग्रेस के नितिन पटेल के मुकाबले कौशिकभाई पटेल को खड़ा किया है। गुजरात विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के लिए आज उथर और मध्य गुजरात की 93 सीटों पर मतदान चल रहा है। आज के चुनाव में करीब 2.22 करोड़ मतदाता वोट डालेंगे। दूसरे चरण के चुनाव के लिए कुल 851 उम्मीदवार मैदान में हैं। गुजरात की 182 सदस्यीय विधानसभा के लिए पहले चरण के चुनाव में 89 सीटों पर नौ दिसंबर को मतदान हुआ था।
यह चुनाव प्रधानमंत्री मोदी के लिए प्रतिष्ठा की लड़ई के तौर पर देखा जा रहा है और कांग्रेस के नवनिर्वाचित अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व के लिए परीक्षा है। वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 115 सीटें जीती थी जबकि कांग्रेस ने 61 सीटों पर जीत दर्ज की थी। मतगणना 18 दिसंबर को की जाएगी।
देश और दुनिया का हाल जानने के लिए जुड़े रहे पंजाब केसरी के साथ।


Download Android App
Download iOS App



