बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता और राजनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने अमेरिकी चुनाव में जो बाइडेन और कमला हैरिस की जीत पर उन्हें बधाई देते हुए एक बड़ा खुलासा किया। दरअसल, शत्रुघ्न सिन्हा ने अपने ट्वीटर अकाउंट पर एक पोस्ट में बताया कि उनके परिवार का अमेरिका की उपराष्ट्रपति चुनी गई भारतवंशी कमला हैरिस के साथ एक विशेष जुड़ाव है।

शत्रुघ्न सिन्हा ने ट्विटर पर कमला हैरिस की एक फोटो साझा की, जिसमें वह उनकी भतीजी प्रीता सिन्हा के साथ थीं। सिन्हा ने लिखा, हार्दिक बधाई! पूरी दुनिया जो बाइडेन की शानदार और प्रतीक्षित जीत का जश्न मना रही है। साथ ही हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि यह अद्भुत, बुद्धिमान कमला हैरिस की भी बहुप्रतीक्षित जीत है।

इसके साथ ही सिन्हा ने अपने दूसरे ट्वीट में लिखा कि वह मेरी बेटी समान भतीजी प्रीता सिन्हा के साथ दिखाई दे रही हैं। प्रीता मेरे बड़े भाई डॉ. लखन सिन्हा की बेटी हैं और वह अपनी युवा टीम के साथ कमला हैरिस के प्रचार में गहराई से जुड़ी रही हैं। इस शानदार जीत के लिए हम सबकी पसंदीदा कमला हैरिस को समर्थन देते हुए, उनको प्रमोट करते हुए हमारी प्रीता यूएसए के राष्ट्रपति चुनाव में करीब से जुड़ीं थीं। हमारी बेटी प्रीता भी बधाई की हकदार हैं! बहुत बढ़िया!


Download Android App
Download iOS App



