शुभम द्विवेदी की पत्नी ऐशान्या ने ऑपरेशन सिंदूर के लिए पीएम मोदी और भारतीय सेना का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई से उनके पति को असली श्रद्धांजलि मिली है और आतंकवाद के खिलाफ बड़ा कदम उठाया गया है। ऐशान्या ने भावुक होकर कहा कि उनके परिवार का पीएम मोदी पर पूरा भरोसा था और उन्होंने इसे कायम रखा है।
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले में जान गंवाने वाले शुभम द्विवेदी की पत्नी ऐशान्या ने भारत की सेना के एक्शन पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि मैं अपने पति की मौत का बदला लेने के लिए प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद देना चाहती हूं। उन्होंने कहा कि मैं बहुत छोटी हूं। मैं ज्यादा क्या कह सकती हूं। हमारे पूरे परिवार को पीएम मोदी पर भरोसा था। उन्होंने आज उसी तरह से जवाब देकर विश्वास को कायम रखा है। शुभम को असली श्रद्धांजलि है। वह जहां भी होंगे आज थोड़ी शांति में होंगे। मेरे पति की मौत का बदला लेने के लिए पीएम मोदी को बहुत-बहुत धन्यवाद। शुभम की पत्नी ने भारतीय सेना का भी धन्यवाद अदा किया। उन्होंने कहा ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का नाम सुनकर मैं बहुत ज्यादा भावुक थी। शुभम को शांति मिली होगी। शायद अब ऐसा कृत्य किसी के साथ न हो। यह वह बदला है जिसकी हम मांग रहे थे। हम लोगों ने आतंकवाद की एक-एक जगह को टारगेट किया है और उनकी जगह को नष्ट किया है। यह आतंकवाद पर बड़ा हमला है। सरकार ने जो कहा वह करके दिखाया है। हमें सरकार पर पूरा भरोसा था।
Operation Sindoor : आतंक के अड्डों पर भारत की एयर स्ट्राइक
शुभम के पिता संजय द्विवेदी ने कहा कि मैं लगातार न्यूज देख रहा हूं। मैं भारतीय सेना को सलाम करता हूं और पीएम मोदी को धन्यवाद देता हूं, जिन्होंने देश की जनता का दर्द सुना। जिस तरह से भारतीय सेना ने पाकिस्तान में पनप रहे आतंकवाद को खत्म किया है, उसके लिए मैं हमारी सेना को धन्यवाद देता हूं। जबसे हमने यह खबर सुनी है, मेरा पूरा परिवार हल्का महसूस कर रहा है। मैं पीएम मोदी का दिल से शुक्रिया अदा करता हूं, जिन्होंने पाकिस्तान में बैठे आतंकियों के आकाओं के ठिकानों को नष्ट कर दिया है। हम लोग जब से खबर मिली, सारी रात टेलीविजन के सामने बैठे थे। देश को फर्क है। सारे देश की जो मांग थी, उसे पूरा किया है।
उन्होंने कहा कि हमें पीएम मोदी पर पूरा भरोसा पहले ही दिन से था। वह खरे उतरे हैं। अपनी सशक्त सेनाओं से अपील है कि जब तक आतंकवाद का समूल नाश न हो जाए, तब तक कार्रवाई जारी रखें। ऑपरेशन सिंदूर का नाम बहुत ही भावनात्मक है। ज्ञात हो कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में मंगलवार देर रात भारतीय सेना ने पाकिस्तान ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की। भारत की इस जवाबी कार्रवाई को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ नाम दिया गया है।


Download Android App
Download iOS App



