अगरतला : पत्रकार शांतनु भौमिक हत्याकांड की जांच केन्द्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से कराये जाने की बढ़ती मांग के बीच त्रिपुरा सरकार ने इस मामले की पड़ताल के लिए पांच सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन कर दिया है। राज्य सरकार की ओर से गठित विशेष जांच दल के अध्यक्ष पुलिस महानिरीक्षक जी एस राव होंगे। गौरतलब है कि राज्य में सत्तारूढ़ माक्र्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी(माकपा) कार्यकर्ताओं और इन्डिजीनियस पीपुल्स फ्रंट आफ त्रिपुरा(आईपीएफटी) समर्थकों के बीच जिरानिया उपमंडल के मंडाई में 20 सितम्बर को हुए संघर्ष के दौरान इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार शांतनु की हत्या कर दी गयी थी।
शांतनु हत्याकांड की जांच सीबीआई से कराये जाने की मांग माकपा को छोड़कर सभी राजनीतिक दलों,अगरतला प्रेस क्लब और वर्किंग जर्नलिस्ट ऑर्गनाइजेशन लगातार कर रहे हैं। कांग्रेस उच्च न्यायालय के वर्तमान न्यायाधीश से इस मामले की पड़ताल कराने की मांग कर रही है। सरकारी अधिसूचना के अनुसार इस मामले की जांच के लिए गठित एसआईटी में श्री राव के अलावा उप पुलिस महानिरीक्षक उत्तम मजूमदार, अपर पुलिस अधीक्षक किशोर देववर्मा, उपाधीक्षक पृथविश भट्टाचार्य और नित्यानंद मजूमदार हैं। एसआईटी ने अपना काम शुरू भी कर दिया है।


Download Android App
Download iOS App



