कांग्रेस के स्थापना दिवस पर बोलीं सोनिया-आजादी से पहले की तरह हैं देश के मौजूदा हालात

Summary :

सोनिया गांधी ने दावा किया कि देश में वर्तमान परिस्थितियां आजादी के पहले की तरह हैं और ‘तानाशाही ताकतों’ से देश को बचाने के लिए सभी को एकजुट होना होगा।

देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस आज अपना 136वां स्थापना दिवस मना रही है। इस मौके पर पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी ने ट्विटर पर एक वीडियो संदेश जारी कर दावा किया कि देश में वर्तमान परिस्थितियां आजादी के पहले की तरह हैं और ‘तानाशाही ताकतों’ से देश को बचाने के लिए सभी को एकजुट होना होगा। उन्होंने ट्विटर पर 3 मिनट 45 सेकंड का वीडियो संदेश जारी किया। 
उन्होंने आजादी के आंदोलन और देश के विकास में कांग्रेस के योगदान का उल्लेख किया और यह दावा किया, ‘‘आज फिर से परिस्थितियां आजादी से पहले की तरह हैं। जनता के अधिकार कुचले जा रहे हैं। चारो तरफ तानाशाही का आलम है। लोकतांत्रिक और संवैधानिक संस्थाओं को खत्म किया जा रहा है। बेरोजगारी चरम सीमा पर है। खेत-खलिहान पर हमला बोला जा रहा है। देश के अन्नदाता पर काले कानून थोपे जा रहे हैं।’’ 


कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘‘ऐसे में हमारी जिम्मेदारी है कि हम एक बार फिर देश को तानाशाही ताकतों से बचाएं और उनसे लोहा लें। यही सच्ची राष्ट्रभक्ति है।’’ उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आह्वान किया, ‘‘जिस तिरंगे के नीचे हमने आजादी हासिल की थी, आज उसी तिरंगे के नीचे हमें एकजुट होना होगा। कांग्रेस को हर मोर्चे पर मजबूत बनाना होगा। यह तिरंगा कांग्रेस और देशवासियों के लिए जीने का हौसला है, लोगों की आशाओं का प्रतीक है और देश का गौरव है। हमें आम जन के दिलों को जीतना है।’’ 

Desk Team