रामजन्म भूमि-बाबरी मस्जिद भूमि विवाद मामले में मध्यस्थता के लिये उच्चतम न्यायालय द्वारा नियुक्त समिति के सदस्य आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रविशंकर ने शुक्रवार को कहा कि लंबे समय से चले आ रहे विवादों को खत्म करने के लिये हर किसी को निश्चित रूप से मिलकर कदम उठाना चाहिए। शीर्ष अदालत के पूर्व न्यायाधीश एफ एम आई कलीफुल्ला की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय समिति में श्री श्री के अलावा वरिष्ठ अधिवक्ता श्रीराम पंचू भी शामिल हैं।
श्री श्री रविशंकर ने कहा, ”लंबे समय से चले आ रहे इस विवाद को खत्म करने की दिशा में हम सभी को निश्चित रूप से समाज में सौहार्द बनाये रखते हुए खुशी-खुशी मिलकर कदम उठाना चाहिए।”
उन्होंने ट्वीट किया, ”लंबे समय से चले आ रहे इस विवाद को खत्म करने की दिशा में निश्चित रूप से हम सभी को खुशी-खुशी हर किसी का सम्मान करते हुए, सपनों को हकीकत में बदलते हुए और समाज में सौहार्द बरकरार रखते हुए मिलकर इस लक्ष्य को हासिल करना चाहिए।”
उच्चतम न्यायालय ने शुक्रवार को राजनीतिक रूप से संवेदनशील इस मामले को मध्यस्थता के लिये भेज दिया और समिति को इस प्रक्रिया को पूरा करने के लिये आठ हफ्तों का समय दिया है। प्रधान न्यायाधीश रंजन गोगोई की अध्यक्षता वाली संविधान पीठ ने कहा कि यह समिति चार सप्ताह के अंदर इसकी प्रगति रिपोर्ट दाखिल करे और आठ सप्ताह के अंदर प्रक्रिया पूरी कर ले।


Download Android App
Download iOS App




