भोपाल : मध्य प्रदेश में विपक्षी कांग्रेस ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीतासरण शर्मा के परिजनों पर कथित तौर पर सरकारी जमीन पर कब्जा कर लेने का आरोप लगाया है और अवैध कब्जों को हटाने की मांग की है। प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी मानक अग्रवाल ने बुधवार को एक बयान जारी कर कहा कि सीताशरण शर्मा के पिताश्री पंडित रामलाल शर्मा के नाम पर होशंगाबाद में सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर स्कूल और अवैध दुकानें चल रही हैं, जिन्हें तत्काल तोड़ा जाए।
अग्रवाल ने कहा कि कलेक्टर की जांच से इस बात की पुष्टि हो गई है कि विधानसभा अध्यक्ष के भाई और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष भवानी शंकर शर्मा ने 59 हजार 400 वर्गफीट सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर स्कूल और दुकानें बना ली हैं। यह जमीन नगर पालिका के आधिपत्य की है। उन्होंने कहा कि जब जिला प्रशासन के आदेश की प्रति लेकर नगर पालिका का अमला अतिक्रमण हटाने पहुंचा, तब अचानक उच्च स्तर से आए दबाव के कारण वह चुपचाप लौट गया।
अग्रवाल ने कहा कि भाजपा की सरकार बनते ही उस जमीन पर अवैध कब्जा कर लिया गया था। उस जमीन पर बीते 14-15 साल से शर्मा परिवार का अवैध कब्जा है। विधानसभा अध्यक्ष के रसूख और दबाव के कारण अतिक्रमण नहीं हटाया जा रहा है। कांग्रेस के मीडिया प्रभारी ने कहा कि सीतासरण शर्मा संवैधानिक पद पर हैं, जहां से वे अक्सर लोकतंत्र की रक्षा की दुहाई देते रहते हैं, अब उनका स्वयं का परिवार नियम-कानून की धज्जियां उड़ाते हुए सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर रहा है।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए क्लिक करे।


Download Android App
Download iOS App



