झारखंड के गिरिडीह जिले के घोडथम्भा क्षेत्र में शुक्रवार की शाम होली के जुलूस के दौरान दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। घोडथम्भा चौक पर पहुंचने के बाद मस्जिद वाली गली से जुलूस निकलने को लेकर कहासुनी हो गई, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच पथराव शुरू हो गया। इससे स्थिति और बिगड़ गई।
पथराव को रोकने के लिए मौके पर मौजूद पुलिस ने प्रयास किया, लेकिन स्थिति पूरी तरह से बेकाबू हो गई। देखते ही देखते हिंसा बढ़ी और आगजनी की घटना भी हुई, जिसमें कई दुकानों, बाइकों और चारपहिया वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया।
Jharkhand में दो लाख के इनामी नक्सली Durga Singh सहित तीन गिरफ्तार
घटना की जानकारी मिलते ही एसपी डॉ. बिमल कुमार, डीडीसी स्मिता कुमारी, खोरीमहुआ के एसडीपीओ राजेंद्र प्रसाद सहित कई थानों की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में किया और उपद्रवियों को खदेड़ा।
एसपी डॉ. बिमल कुमार ने बताया कि पुलिस उपद्रवियों की पहचान कर रही है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। इस हिंसक घटना में लगभग एक घंटे तक दोनों पक्ष आपस में भिड़े रहे। फिलहाल, इलाके में शांति बनी हुई है और पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।
इसी तरह की घटना महाराष्ट्र के बुलढाणा से भी सामने आई है। बुलढाणा जिले के खामगांव तालुका में होली महोत्सव के दौरान दो गुटों में डीजे बजाने को लेकर विवाद हो गया, जिसके बाद पथराव की घटना सामने आई। यह घटना आवार गांव में शुक्रवार शाम 6 बजे हुई की बताई जा रही है। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 20 व्यक्तियों को हिरासत में लिया और घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।
बताया जा रहा है कि फिलहाल इलाके में शांति है। वहीं, किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है, ताकि फिर से कोई अप्रिय घटना न घटे।


Download Android App
Download iOS App



