कोरोना से लड़ाई की जिम्मेदारी गडकरी को सौंपे PM मोदी : सुब्रमण्यम स्वामी

Summary :

राज्यसभा सांसद सुब्रमण्यम स्वामी ने ट्वीट कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से कोरोना से लड़ने की जिम्मेदारी केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को सौंपने को कहा है।

देश का हर हिस्सा इस वक़्त कोरोना संक्रमण के प्रकोप को झेल रहा है। रोजाना संक्रमण से लोगों की जानें जा रही है। ऐसे में देश एक बार फिर सख्त प्रतिबंधों की ओर बढ़ता नजर आ रहा है। इस बीच राज्यसभा सांसद सुब्रमण्यम स्वामी ने ट्वीट कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से कोरोना से लड़ने की जिम्मेदारी केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को सौंपने को कहा है। 
राज्यसभा सांसद ने अपने ट्वीट में लिखा, भारत कोरोनो वायरस महामारी से बचेगा क्योंकि उसने इस्लामी आक्रमणकारियों और ब्रिटिश साम्राज्यवादियों का मुकाबला किया है। अगर हम जरूरी कदम ना उठाएं तो हमें एक और लहर का सामना करना पड़ सकता है, जो बच्चों को अपने निशाने पर लेगी। पीएम मोदी को ऐसे में इस लड़ाई की जिम्मेदारी नितिन गडकरी को देनी चाहिए।पीएमओ पर निर्भर रहना बेकार है।

उनके इस ट्वीट ने सोशल मीडिया पर एक नयी बहस को जन्म दिया है। सुब्रमण्यम के ट्वीट पर लोगों के प्रतिक्रिया देते हुए उनके इस सुझाव पर कई सवाल किए, जिसका उन्होंने जवाब भी दिया। सुब्रमण्यम के इसी ट्वीट को लेकर एक यूज़र ने उनसे सवाल किया कि नितिन गडकरी ही क्यों, जिसका जवाब देते हुए उन्होंने कहा, कोरोना संकट से निपटने के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर फ्रेमवर्क की सख्त जरूरत है, जिसमें नितिन गडकरी ने खुद को साबित किया है। 

वहीं पीएमओ को लेकर उठे सवालों के जवाब में सुब्रमण्यम ने कहा कि PMO एक विभाग है, ना कि प्रधानमंत्री खुद। देश में लगातार बढ़ रहे कोरोना वायरस के मामलों के बीच लगातार केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन पर सवाल खड़े किए जा रहे हैं।

Desk Team