गोवा में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार में बुधवार को सुदीन धावलीकर और विजय सरदेसाई उपमुख्यमंत्री नियुक्त किये गये। सामान्य प्रशासन विभाग में अवर सचिव वर्षा नाईक द्वारा जारी एक अधिसूचना में कहा गया है कि दोनों को तत्काल प्रभाव से उपमुख्यमंत्री के रूप में नियुक्त किया जा रहा है।
धावलीकर महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी (एमजीपी) से हैं और सरदेसाई गोवा फॉरवर्ड पार्टी (जीएफपी) के प्रमुख हैं। ये दोनों पार्टियां भाजपा के नेतृत्व वाली राज्य सरकार का हिस्सा है।
गोवा विधानसभा में CM प्रमोद सावंत ने बहुमत किया साबित, पक्ष में पड़े 20 वोट
इससे पहले मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने गोवा विधानसभा में बुधवार को हुए शक्ति परीक्षण में भाजपा नीत सरकार का बहुमत साबित कर दिया।
बीस विधायकों ने दो दिन पुरानी सरकार के विश्वास प्रस्ताव का समर्थन किया जबकि 15 सदस्यों ने इसका विरोध किया। सावंत (45) ने मनोहर पर्रिकर का स्थान लिया था जिनका रविवार को निधन हो गया था।
विधानसभा में शक्ति प्रदर्शन के दौरान भाजपा के 11 विधायकों के अलावा जीएफपी तथा एमजीपी के तीन-तीन विधायकों और तीन निर्दलीय विधायकों ने सावंत का समर्थन किया।


Download Android App
Download iOS App



