सुप्रिया सुले का वादा: संतोष देशमुख के हत्यारों को फांसी दिलाने तक परिवार के साथ

Summary :

सुप्रिया सुले का समर्थन: संतोष देशमुख के हत्यारों को फांसी की मांग

महाराष्ट्र में बीड सरपंच संतोष देशमुख की हत्या का मामला चर्चा में है। मृतक के भाई धनंजय देशमुख ने बताया कि मंगलवार को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) की सांसद सुप्रिया सुले ने उनसे मुलाकात की। उन्होंने आश्वासन दिया है कि जब तक आरोपी को फांसी की सजा नहीं मिल जाती, वह हमारे परिवार के साथ हैं।

धनंजय देशमुख ने समाचार एजेंसी आईएएनएस को बताया, “एनसीपी (एसपी) सांसद सुप्रिया सुले ने आज हमसे मुलाकात की है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि जब तक मेरे भाई के हत्यारों को फांसी की सजा नहीं होगी, तब तक वह हमारे परिवार के साथ हैं। उन्होंने यह वादा हमारे और पूरे गांव वालों के साथ किया है। जो भी जनप्रतिनिधि हमसे मिलने आते हैं, हमारी मांग भी उनसे यही रहती है कि हमें न्याय और इंसाफ चाहिए। सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र के लोग मिलकर हमें न्याय दें, यही हमारी मांग है। सुप्रिया सुले ने भी हमें भरोसा दिलाया है कि वह आखिरी वक्त तक हमारे और पूरे गांव वालों के साथ हैं।”

धनंजय देशमुख ने कहा, “सुप्रिया सुले ने मुझे बताया है कि वह इस सिलसिले में मुख्यमंत्री (देवेंद्र फडणवीस) से मिलने वाली हैं। हत्या की जांच कहां तक पहुंची, इस पर बात करेंगी।”

भाजपा विधायक सुरेश धस और मंत्री धनंजय मुंडे की मुलाकात पर उन्होंने कहा, “कौन किससे मिल रहा है, उस पर मुझे कुछ नहीं कहना है। किसी की मुलाकात से मेरा कोई लेना-देना नहीं है, मेरी एक ही मांग है कि मुझे न्याय दे दो।”

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बनवणकुले से मुलाकात नहीं होने पर उन्होंने कहा, “वह सेटलमेंट की मीटिंग अरेंज कर रहे थे। संतोष देशमुख मेरा भाई भाजपा का बूथ प्रमुख था। ऐसे में उन्हें पहले परिवार वालों से मिलना चाहिए था। लेकिन वह मिलने नहीं आए।”

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.