बिना आधार वेरिफिकेशन के नहीं बुक होगी तत्काल टिकट, रेलवे ने बदले नियम

Summary :

बिना आधार वेरिफिकेशन के नहीं बुक होगी तत्काल टिकट

10 जून 2025 को रेलवे मंत्रालय द्वारा सभी जोन को भेजे गए आधिकारिक सर्कुलर में यह स्पष्ट किया गया कि यह कदम टिकट बुकिंग में पारदर्शिता लाने और धोखाधड़ी रोकने के लिए उठाया गया है. 1 जुलाई से केवल वे ही यूजर्स तत्काल टिकट बुक कर सकेंगे जिनके IRCTC अकाउंट आधार से वेरफाइड होंगे.

Tatkal Ticket Booking: भारतीय रेल मंत्रालय ने एक अहम घोषणा करते हुए तत्काल टिकट बुकिंग सिस्टम में बड़ा बदलाव किया है. अब 1 जुलाई 2025 से भारतीय रेलवे की वेबसाइट या ऐप के माध्यम से तत्काल टिकट बुक करने के लिए आधार वेरिफिकेशन अनिवार्य कर दिया गया है. इस फैसले का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि वास्तविक और जरूरतमंद यात्रियों को ही तत्काल योजना का लाभ मिल सके.

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, 10 जून 2025 को रेलवे मंत्रालय द्वारा सभी जोन को भेजे गए आधिकारिक सर्कुलर में यह स्पष्ट किया गया कि यह कदम टिकट बुकिंग में पारदर्शिता लाने और धोखाधड़ी रोकने के लिए उठाया गया है. 1 जुलाई से केवल वे ही यूजर्स तत्काल टिकट बुक कर सकेंगे जिनके IRCTC अकाउंट आधार से वेरफाइड होंगे. इसके साथ ही 15 जुलाई 2025 से तत्काल टिकट बुकिंग के लिए आधार आधारित OTP (वन टाइम पासवर्ड) वेरिफिकेशन भी अनिवार्य कर दिया जाएगा.

एजेंट्स के लिए नई पाबंदियां

रेलवे ने टिकट एजेंटों के लिए भी तत्काल टिकट बुकिंग प्रक्रिया में कुछ समय की रोक लगाई है. अब एसी क्लास की तत्काल टिकट बुकिंग सुबह 10:00 से 10:30 बजे तक और नॉन-एसी क्लास के लिए सुबह 11:00 से 11:30 बजे तक एजेंट्स नहीं कर सकेंगे. इस कदम का उद्देश्य एजेंट्स द्वारा की जा रही धांधलियों पर अंकुश लगाना है

रेल मंत्री ने पहले ही दिए थे संकेत

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने 4 जून को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर जानकारी देते हुए यह संकेत दिया था कि जल्द ही तत्काल टिकट बुकिंग के लिए आधार वेरिफिकेशन को लागू किया जाएगा. उन्होंने इस सिस्टम को यात्रियों के लिए लाभकारी बताया था, जिससे वास्तविक उपयोगकर्ताओं को समय पर कन्फर्म टिकट मिल सकेंगे.

IRCTC के आंकड़ों के अनुसार, इसके कुल 13 करोड़ यूजर्स में से मात्र 10% यूजर्स ही आधार वेरिफाइड हैं. ऐसे में रेलवे के इस कदम से बाकी 90% यूजर्स को समय रहते अपने अकाउंट को आधार से जोड़ने की जरूरत है, अन्यथा वे तत्काल टिकट बुक नहीं कर पाएंगे.

Tatkal Ticket Bookingरेलवे के नए नियम, 4 नहीं अब इतने घंटे पहले आएगा वेटिंग लिस्ट चार्ट

फर्जी आईडी पर सरकार का शिकंजा

हाल के वर्षों में तत्काल टिकट बुकिंग में गड़बड़ियों और फर्जी आईडी के उपयोग के मामले बढ़े हैं. इसी को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने पिछले एक साल में करीब 3.5 करोड़ फर्जी आईआरसीटीसी अकाउंट्स को ब्लॉक किया है. इसके बाद प्लेटफॉर्म की भीड़ में कमी देखी गई है.

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।