चार राज्यों और एक केंद्रशासित प्रदेश में विधानसभा चुनावों को देखते हुए संसद के बजट सत्र में कटौती की जा सकती है और विभिन्न दलों के नेता इस विचार पर सहमत हैं। यह जानकारी रविवार को सूत्रों ने दी।
सूत्रों ने कहा कि यह अभी तक निर्णय नहीं किया गया है कि सत्र में कितने दिनों की कटौती होगी, लेकिन इस तरह के सुझाव हैं कि करीब दो हफ्ते की कटौती की जाए। उन्होंने कहा कि अंतिम निर्णय सोमवार को सदन के नेताओं की बैठक में किया जा सकता है।
इस बीच लोकसभा सचिवालय ने संसद परिसर के अंदर सांसदों के टीकाकरण की व्यवस्था की है।
उन्होंने कहा कि टीकाकरण अभियान के बाद सुबह 11 बजे से दोनों सदनों की एक साथ बैठक हो सकती है।
वर्तमान में कोविड-19 महामारी के कारण संसद की बैठक दो सत्रों में होती है– राज्यसभा की बैठक सुबह में और लोकसभा की बैठक शाम में होती है। बजट सत्र का दूसरा चरण आठ मार्च से आठ अप्रैल तक निर्धारित है।
तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, केरल, असम और पुडुचेरी में 27 मार्च से 29 अप्रैल तक विधानसभा चुनाव हो रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App



