राज्यसभा में ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी और विवादास्पद कृषि कानूनों को लेकर विपक्ष और केंद्र के बीच तकरार जारी रह सकती है। कार्यवाही निलंबित करने और मुद्दों पर चर्चा की मांग को लेकर विपक्ष द्वारा बार-बार हंगामा करने के कारण 10 मार्च को स्थगित किए जाने के बाद ऊपरी सदन की कार्यवाही सोमवार सुबह 11 बजे से शुरू होगी।
राज्यसभा के बुलेटिन में कहा गया कि गृह मंत्रालय, पर्यटन और संस्कृति के साथ-साथ लोक लेखा समिति सहित विभिन्न स्थायी समितियों की रिपोर्ट सदन में प्रस्तुत की जाएगी। विदेश मंत्री एस जयशंकर कोविड की स्थिति में विदेशों में रह रहे भारतीयों, अप्रवासी भारतीयों (एनआरआई) और पर्सन ऑफ इंडियन ओरिजिन (पीआईओ) के कल्याण से संबंधित हालिया घटनाक्रम के बारे में एक बयान देंगे।
राज्यसभा की बुलेटिन के मुताबिक, कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर खाद्य प्रौद्योगिकी, उद्यमिता और प्रबंधन के कुछ संस्थानों को राष्ट्रीय महत्व के संस्थान घोषित करने और खाद्य प्रौद्योगिकी, उद्यमिता एवं प्रबंधन में निर्देश व अनुसंधान प्रदान करने और इन संस्थानों में सीखने और प्रसार की उन्नति के लिए विधेयक पेश करेंगे। जल शक्ति, पर्यटन और रेलवे मंत्रालयों पर चर्चा भी होने की संभावना है।


Download Android App
Download iOS App



