कोलकाता, 11 मई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल में नई भाजपा सरकार बनने के बाद कैबिनेट मंत्री निसिथ प्रमाणिक ने साफ कहा है कि उनकी सरकार फिलहाल विकास और प्रगति पर ध्यान दे रही है और तृणमूल कांग्रेस की गतिविधियों में उनकी कोई दिलचस्पी नहीं है।
आईएएनएस से बातचीत के दौरान निसिथ प्रमाणिक से निलंबित टीएमसी प्रवक्ता रिजू दत्ता द्वारा पार्टी पर लगाए गए आरोपों को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा, “इस समय हमारे पास टीएमसी के बारे में सोचने का भी समय नहीं है। सरकार पूरी तरह विकास और प्रगति के कामों पर फोकस कर रही है। टीएमसी क्या कर रही है या नहीं कर रही, इसमें हमारी कोई रुचि नहीं है और न ही हम उस पर चर्चा करना चाहते हैं।”
इससे पहले पश्चिम बंगाल कैबिनेट की पहली बैठक को लेकर भी निसिथ प्रमाणिक ने कहा कि बैठक में दो से तीन अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा होगी। साथ ही यह एक परिचयात्मक बैठक भी होगी, जिसमें सभी मंत्री एक-दूसरे से औपचारिक रूप से परिचित होंगे।
उन्होंने कहा, “यह पहली बैठक है, इसलिए परिचय का सत्र भी रहेगा। सभी सम्मानित सदस्यों को आमंत्रित किया जाएगा और सभी एक-दूसरे से परिचित होंगे। कुछ विशेष एजेंडा पर भी चर्चा होगी, लेकिन उसकी जानकारी बैठक खत्म होने के बाद ही साझा की जाएगी।”
निसिथ प्रमाणिक पश्चिम बंगाल भाजपा के प्रमुख नेताओं में शामिल हैं। उन्होंने 2026 के विधानसभा चुनाव में माथाभांगा सीट से बड़ी जीत दर्ज की और 9 मई को पश्चिम बंगाल सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली।
17 जनवरी 1986 को कूचबिहार में जन्मे निसिथ प्रमाणिक राजनीति में आने से पहले एक प्राथमिक विद्यालय में सहायक शिक्षक के रूप में काम कर चुके हैं। उन्होंने अपनी शुरुआती पढ़ाई भेतागुड़ी लाल बहादुर शास्त्री विद्यालय से पूरी की थी। वे राजबंशी समुदाय के प्रमुख नेताओं में माने जाते हैं।
–आईएएनएस
वीकेयू/वीसी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



