CRPF का 82वां स्थापना दिवस, उपराष्ट्रपति, PM मोदी और गृह मंत्री शाह ने दी बधाई

Summary :

प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया, इस उत्कृष्ट बल के 82 वें स्थापना दिवस पर सीआरपीएफ के सभी कर्मियों को बधाई। सीआरपीएफ हमारे राष्ट्र को सुरक्षित रखने में सबसे आगे है।

केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) का आज 82वां स्थापना दिवस है। कोरोना संकट को देखते हुए हर साल होने वाले परंपरागत कार्यक्रमों का आयोजन नहीं किया गया। उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस मौके पर सीआरपीएफ के जवानों को बधाई दी। 


केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) को ‘‘राष्ट्र के शांतिरक्षक” बताते हुए नायडू ने कहा कि यह कर्तव्य एवं राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति समर्पण एवं प्रतिबद्धता के समानार्थी हैं। मोदी ने “उत्कृष्ट बल” के कर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि सीआरपीएफ देश को सुरक्षित रखने में सबसे आगे है। 


प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया, “इस उत्कृष्ट बल के 82 वें स्थापना दिवस पर सीआरपीएफ के सभी कर्मियों को बधाई। सीआरपीएफ हमारे राष्ट्र को सुरक्षित रखने में सबसे आगे है। इस बल के साहस और व्यावसायिकता की व्यापक रूप से प्रशंसा की जाती है। आने वाले वर्षों में CRPF और भी अधिक ऊंचाइयां प्राप्त कर सकता है। सीआरपीएफ वीरता, साहस और बलिदान का पर्याय है।


गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट करते हुए लिखा, बार-बार CRPF ने देश को गौरवान्वित किया है। COVID-19 के दौरान समाज की सेवा के लिए उनका समर्पण अद्वितीय है। मैं अपने बहादुर जवानों और उनके परिवारों को शुभकामना देने के लिए लाखों भारतीयों के साथ शामिल हूं। 

Desk Team