भारत कोरोना वायरस के मामले में विश्व में दूसरे स्थान पर है। सोमवार को 66 हज़ार से ज्यादा नए मरीजों के साथ देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 71 लाख के पार पहुंच गई, जबकि बीमारी से ठीक होने वालों की संख्या 61 लाख हो गई है, जिससे देश में मरीजों के ठीक होने की दर 86.36 प्रतिशत पर पहुंच गई।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा सोमवार को जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार यह जानकारी सामने आई है। सुबह आठ बजे अपडेट किए गए आंकड़ों के मुताबिक, कोविड-19 के कुल मामले बढ़कर 71,20,538 तक पहुंच गए। एक दिन में संक्रमण के कारण 816 और मौतें होने से वायरस के संक्रमण से मरने वालों की संख्या 1,09,150 तक पहुंच गई।
भारत में लगातार आठवें दिन कोरोना से 1000 से कम मरीजों की मौत, रिकवरी रेट 86 प्रतिशत से अधिक
लगातार चौथे दिन कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या नौ लाख से नीचे रही। जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, देश में कोरोना वायरस संक्रमण के उपचाराधीन मरीजों की संख्या 8,61,853 है, जो कि कुल मामलों का 12.10 प्रतिशत है। कोरोना वायरस संक्रमण के मामले में मृत्यु दर 1.53 प्रतिशत है।
भारत में कोविड-19 के मामले सात अगस्त को 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सितंबर को 40 लाख का आँकड़ा पार कर गए थे। यह 16 सितंबर को 50 लाख, 28 सितंबर को 60 लाख और 11 अक्टूबर को 70 लाख की संख्या को पार कर गया। भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के अनुसार, देश में 11 अक्टूबर तक कुल 8,78,72,093 नमूनों की जांच हो चुकी है। रविवार को 9,94,851 नमूनों की जांच की गई।


Download Android App
Download iOS App



