उदित राज ने फिर अलापा EVM का राग, कहा-BJP का वोट शेयर गिरा है तो सीटें कैसे बढ़ी?

Summary :

उदित राज ने कहा, बीजेपी का बिहार में वोट शेयर 5 प्रतिशत गिरा है तो सीटें कैसे बढ़ी? आरजेडी का वोट शेयर 5 प्रतिशत बढ़ा लेकिन सीटें कम हुईं।

बिहार चुनाव में महागठबंधन की हार के बाद ईवीएम पर सवाल उठने लगे हैं। कांग्रेस नेता उदित राज ने एक बार फिर ईवीएम का राग अलापते हुए एनडीए की जीत पर सवाल खड़े किए हैं। इससे पहले भी उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा था, “जब मंगल ग्रह और चांद की ओर जाते उपक्रम की दिशा को धरती से नियंत्रित किया जा सकता है तो ईवीएम हैक क्यों नही की जा सकती?”
उदित राज ने शुक्रवार को किए ट्वीट में लिखा, बीजेपी का बिहार में वोट शेयर 5 प्रतिशत गिरा है तो सीटें कैसे बढ़ी? आरजेडी का वोट शेयर 5 प्रतिशत बढ़ा लेकिन सीटें कम हुईं। बीजेपी का वोट बैंक कम है, ज़्यादा से ज़्यादा 15 सीटें आनी थीं। ग्रामीण इलाको में ज़्यादा एनडीए जीती है जबकि इनका शहरी बेस है। ईवीएम में सेट्टिंग हुई।


गौरतलब है कि बिहार विधानसभा की 243 सीटों में से 243 सीटों के प्राप्त परिणामों में प्रदेश में सत्ताधारी एनडीए ने 125 सीट अब तक जीत ली हैं, जबकि विपक्षी महागठबंधन ने 110 सीट जीती हैं। एनडीए में शामिल बीजेपी ने 74 सीटों पर, जेडीयू ने 43 सीटों पर, विकासशील इंसान पार्टी ने 4 सीटों पर और हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा ने 4 सीटों पर जीत दर्ज की है। 

वहीं, विपक्षी महागठबंधन में शामिल आरजेडी सबसे बड़ी खिलाड़ी बनकर सामने आई है। आरजेडी इन चुनावों में 75 सीटों पर कब्ज़ा करने में सफल रही। कांग्रेस ने 19 सीटों पर, भाकपा माले ने 12 सीटों पर एवं माकपा ने दो सीटों पर जीत दर्ज की है।

Desk Team