राहुल गांधी द्वारा कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने के बाद केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने बुधवार को कहा कि कांग्रेस के विपरीत भाजपा में संगठनात्मक ढांचा पहले से ही मौजूद है । कैबिनेट की ब्रीफिंग के बाद राहुल के इस्तीफे के बारे में पूछे जाने पर प्रकाश जावड़ेकर ने कहा, ‘‘ भाजपा में संगठनात्मक चुनाव और सदस्यता संबंधी समयसारणी पहले से ही तैयार है । काम शुरू हो चुका है । हमारे यहां भी कार्यकारी अध्यक्ष हैं । अगर दूसरी पार्टी में कुछ नहीं हो रहा है तब हम क्या कर सकते हैं । ’’
गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव के बाद से अपने इस्तीफे को लेकर बनी असमंजस की स्थिति पर विराम लगाते हुए राहुल गांधी ने बुधवार को अपने त्यागपत्र की औपचारिक रूप से घोषणा कर दी और कहा कि उन्होंने पार्टी की ‘‘भविष्य की तरक्की’’ के लिए यह कदम उठाया है। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी नए अध्यक्ष के चयन के लिए समूह गठित करे क्योंकि उनके लिए यह उपयुक्त नहीं है कि इस प्रकिया में शामिल हों।
वहीं, राहुल के इस्तीफे के बारे में पूछे जाने पर केंद्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने सिर्फ इतना ही कहा कि वह केवल दूसरे दल को शुभकामनाएं ही दे सकते हैं । अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि ‘‘यह ग्रांड ओल्ड पार्टी का ब्रांड न्यू ड्रामा है और हमें इससे कुछ लेना देना नहीं है ।’’


Download Android App
Download iOS App



