Unnao Rape Case: उन्नाव रेप केस मामले में दोषी ठहराए गए पूर्व विधायक कुलदीप सेंगर को दिल्ली हाईकोर्ट से जमानत मिल गई है। जिसके बाद पीड़िता की बहन का दर्द छलक पड़ा, उसने कहा, मैं इससे खुश नहीं हूं, उसने मेरे पापा, बड़े पापा और फिर मेरी बहन के साथ ये घटना हुई। उसे रिहा कर दिया गया है, लेकिन हम खतरे में हैं। वो बहार आ गया है, तो मेरे पूरे परिवार को मार सकता है।
‘हमें जेल में डाल दिया जाए’
पीड़िता की बहन ने कहा कि उनका परिवार पहले ही बहुत कुछ खो चुका है, पिता की मौत, रिश्तेदारों पर हमले और लगातार मिल रही धमकियों ने उन्हें अंदर से तोड़ दिया है। अगर कुलदीप सेंगर को बाहर रखना है, तो हमें जेल में डाल दिया जाए, कम से कम हमारी जान तो सुरक्षित रहेगी। उन्होंने यह भी बताया कि घर में छोटे-छोटे बच्चे और एक छोटा भाई है, और हर दिन यह डर रहता है कि कहीं उनके साथ कुछ बुरा न हो जाए।
Unnao Rape Case Update: ‘अब भी खुलेआम धमकियां दे रहे हैं’

पीड़िता के परिवार का कहना है कि आरोपी से जुड़े लोग अब भी खुलेआम धमकियां दे रहे हैं। उनके कई आदमी बाहर घूम रहे हैं और कह रहे हैं कि कुलदीप सेंगर अब वापस आ रहा है, तो तुम हमारा क्या ही कर लोगे। हमें धमकाया जा रहा है कि सबको मार डालेंगे। परिवार का कहना है कि पहले भी उन्हें ऐसी धमकियां मिलती रही हैं, लेकिन जमानत का आदेश मिलने के बाद उनका डर और भी ज्यादा बढ़ गया है।
Kuldeep Singh Sengar: हाई कोर्ट के आदेश के विरोध में प्रदर्शन

कुलदीप सेंगर को जमानत मिलने के बाद दिल्ली में पीड़िता, उनकी मां और महिला अधिकार कार्यकर्ता योगिता भायना ने इंडिया गेट के पास शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। उनका उद्देश्य दिल्ली हाईकोर्ट के उस आदेश के खिलाफ अपनी आवाज उठाना था, जिसमें कुलदीप सिंह सेंगर की उम्रकैद की सजा को निलंबित कर दिया गया है। प्रदर्शन के दौरान पीड़िता की मां ने कहा कि अपनी बेटी को न्याय दिलाने के लिए उन्होंने वर्षों तक संघर्ष किया है, लेकिन अब जब आरोपी को जमानत मिल गई है, तो उनका भरोसा फिर से टूट गया है। हालांकि, यह प्रदर्शन ज्यादा देर तक नहीं चल सका और दिल्ली पुलिस ने पीड़िता, उनकी मां और योगिता भायना को प्रदर्शन स्थल से हटा दिया।
यह भी पढ़ें: उन्नाव रेप केस: पूर्व BJP विधायक कुलदीप सेंगर को हाईकोर्ट से मिली जमानत, उम्रकैद की सजा पर लगाई रोक


Download Android App
Download iOS App




