नई दिल्ली: कहीं प्रचंड पारे का प्रहार है, तो कहीं जंगल की आग ने लोगों का जीना दुश्वार कर रखा है। वहीं देश के कई हिस्सों में सोमवार को आंधी-तूफान ने कहर बरपाया। उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड में आंधी-तूफान की वजह से 35 लोगों की मौत हो गई। जबकि 34 लोग घायल हो गए। मिली जानकारी के मुताबिक, आंधी-तूफान के कारण झारखंड के अलग-अलग हिस्सों में 14, बिहार में 16, वहीं यूपी में 5 लोगों की मौत हो गई। जबकि झारखंड में 28 वहीं यूपी के उन्नाव और रायबरेली में 6 लोगों के घायल होने की भी खबर है। यूपी सरकार ने सभी डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट से घायलों की मदद सुनिश्चित करने के लिए कहा है। जलभराव और पेड़ गिरने के कारण यूपी में कई जगह यातायात पर भी असर पड़ा है।
इससे पहले देशभर में 13 मई को आए तेज आंधी-तूफान ने चार राज्यों में 53 लोगों की जान ले ली थी। उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश और राजधानी दिल्ली में आंधी-तूफान की वजह से 65 लोग घायल हो गए थे। उस वक्त उत्तर प्रदेश में आंधी-तूफान के साथ-साथ ओले भी गिरे, जिसमें 39 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 53 लोग घायल हो गए थे। वहीं, पश्चिम बंगाल में चार लोगों की मौत हुई थी, जबकि एक शख्स घायल हो गया। इसके अलावा आंध्र प्रदेश में नौ लोगों की वहीं दिल्ली में एक व्यक्ति की जान चली गई थी।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहाँ क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



