Uttarakhand Landslide : उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले के चिड़वासा क्षेत्र में रविवार को भूस्खलन में तीन लोगों की मौत हो गई और आठ लोग घायल हो गए। यह घटना आज सुबह केदारनाथ यात्रा मार्ग पर उस समय हुई जब श्रद्धालु गौरीकुंड से पैदल केदारनाथ धाम जा रहे थे। रुद्रप्रयाग में जिला नियंत्रण कक्ष ने राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल की टीम को सूचित किया कि केदारनाथ यात्रा मार्ग पर उस क्षेत्र में भूस्खलन के कारण कुछ लोग मलबे में फंस गए हैं। सूचना मिलने पर एसडीआरएफ की टीम तुरंत आवश्यक बचाव उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची और बचाव अभियान चलाया।
Highlight :
- उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले के चिड़वासा क्षेत्र में हुआ भूस्खलन
- केदारनाथ मार्ग पर पहाड़ से गिरे चट्टान
- चट्टानों की चपेट में आने से 3 लोगों की मौत, 8 घायल
घटना पर सीएम पुष्कर धामी ने जताया दुख
बता दें कि, एसडीआरएफ ने आठ घायलों को निकाला और उन्हें अस्पताल पहुंचाया। तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और एसडीआरएफ ने उनके शव जिला पुलिस को सौंप दिए। इस घटना पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुख व्यक्त किया और मृतकों के परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।
दुर्घटना स्थल पर राहत और बचाव कार्य जारी
धामी ने कहा, केदारनाथ यात्रा मार्ग के पास पहाड़ी से गिरे मलबे और भारी पत्थरों के कारण कुछ तीर्थयात्रियों के घायल होने की खबर बेहद दुखद है। दुर्घटना स्थल पर राहत और बचाव कार्य जारी है, मैं इस संबंध में लगातार अधिकारियों के संपर्क में हूं। मैंने दुर्घटना में घायल लोगों को तुरंत बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।


Download Android App
Download iOS App



