भारत में कोरोना वायरस (कोविड 19) का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। जहां एक तरफ दुनिया में संक्रमण के मामलों में बढ़ोतरी देखी जा रही है वही दूसरी तरफ हर देश वैक्सीन बनाने के प्रयास में लगा है। इस बीच भारत में पुणे स्थित सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (एसआईआई), ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय द्वारा विकसित संभावित कोविड-19 टीके का दूसरे चरण का मानव क्लीनिकल परीक्षण आज यानि मंगलवार को शुरू करेगा।

सूत्रों ने बताया कि ‘कोविशील्ड’ की सुरक्षा और प्रतिरोधक क्षमता जांचने के लिए पुणे स्थित भारती विद्यापीठ चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल में स्वस्थ वयस्क भारतीयों पर नियंत्रित अध्ययन किया जाएगा। गौरतलब है कि ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय द्वारा ब्रिटिश-स्वीडिश कंपनी एस्ट्राजेनिका के लिए विकसित संभावित कोविड-19 टीके के उत्पादन में एसआईआई साझेदारी कर रहा है।
एसआईआई में सरकार एवं विनियामक मामलों के अतिरिक्त निदेशक प्रकाश कुमार सिंह ने कहा, ‘‘हमें केंद्रीय औषधि मानक एवं नियंत्रण संगठन से सभी मंजूरी मिल गई है। हम 25 अगस्त से भारती विद्यापीठ चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल में मानव क्लीनिकल परीक्षण शुरू करने जा रहे हैं।’’
बता दें कि देश में कोविड-19 के टीके के विकास की प्रक्रिया को तेज करने और इसके सुरक्षित तथा प्रभावी तरीके से विनिर्माण के लिए सरकार ने ‘मिशन कोविड सुरक्षा’ का प्रस्ताव किया है। सूत्रों ने यह जानकारी देते हुए कहा कि इसका गठन करीब 3,000 करोड़ रुपये के कोष के साथ किया जाएगा। सरकार का इरादा जनता तक कोविड-19 के टीके की सस्ते दाम पर सुगम पहुंच सुनिश्चित करने का है।


Download Android App
Download iOS App



