प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को कहा कि भारत में तैयार और निर्मित टीके कोविड-19 के खिलाफ मानवता के काम आएंगे। प्रधानमंत्री ने यह बात मालदीव के राष्ट्रपति इब्राहिम सोलिह को दिए एक संदेश में कही। सोलिह ने मोदी को ट्वीट कर भारत में कोविड-19 के खिलाफ टीकाकरण का ‘‘ऐतिहासिक कार्यक्रम’’आरंभ करने के लिए बधाई दी थी।
उन्होंने ट्वीट कर कहा, ‘‘कोविड-19 के खिलाफ भारतीय लोगों के टीकाकरण के ऐतिहासिक कार्यक्रम के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भारत सरकार को बधाई। मुझे पूरा भरोसा है कि आप इसमें सफल होंगे और अंतत: हम कोरोना महामारी का खात्मा देखेंगे।’’
उनके इस ट्वीट के जवाब में मोदी ने ट्वीट कर उनका धन्यवाद किया और कहा, ‘‘हमारे वैज्ञानिकों और स्वास्थ्य योद्धाओं ने कड़ी मेहनत की। भारत में तैयार और निर्मित टीके हमारे लोगों की तो मदद करेंगे ही, कोविड-19 के खिलाफ ये मानवता के भी काम आएंगे।’’
भूटान के प्रधानमंत्री लोते शेरिंग और श्रीलंका के प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे ने भी इससे पहले विश्व के सबसे बड़े टीकाकरण अभियान के लिए मोदी को बधाई दी। प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार को भारत में टीकाकरण अभियान की शुरुआत की थी।


Download Android App
Download iOS App



