वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की सौगात पर सीएम योगी ने पीएम मोदी का जताया आभार

Summary :

वाराणसी, 31 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को वाराणसी की पावन धरा से प्रदेशवासियों को बेहतरीन यातायात की बड़ी सौगात दी है। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की उपस्थिति में नई दिल्ली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन, बनारस से प्रयागराज रामबाग मेमू ट्रेन और बनारस से राजातालाब मेमू ट्रेन का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस प्रकार सरदार पटेल ने 563 से अधिक रियासतों को जोड़कर अखंड भारत का निर्माण किया था, ठीक उसी प्रकार भारतीय रेल भी आज…

वाराणसी, 31 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को वाराणसी की पावन धरा से प्रदेशवासियों को बेहतरीन यातायात की बड़ी सौगात दी है। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की उपस्थिति में नई दिल्ली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन, बनारस से प्रयागराज रामबाग मेमू ट्रेन और बनारस से राजातालाब मेमू ट्रेन का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस प्रकार सरदार पटेल ने 563 से अधिक रियासतों को जोड़कर अखंड भारत का निर्माण किया था, ठीक उसी प्रकार भारतीय रेल भी आज उत्तर से दक्षिण और पूरब से पश्चिम तक संपूर्ण भारत को एकता के सूत्र में पिरो रही है।

सीएम ने कहा कि कभी वाराणसी से दिल्ली पहुंचने में 13 से 14 घंटे लगते थे। अब यह अत्याधुनिक वंदे भारत स्लीपर ट्रेन इस दूरी को मात्र 8 से 9 घंटे में तय करेगी, जिससे यात्रियों के श्रम और समय दोनों की भारी बचत होगी। स्थानीय नागरिकों, छात्रों, अधिवक्ताओं और व्यापारियों की सुविधा के लिए शुरू की गई मेमू सेवा बेहद सस्ती और आकर्षक है। बनारस से राजातालाब तक महीने भर की यात्रा मात्र 95 रुपये में और काशी से प्रयागराज तक की यात्रा मात्र 220 रुपये में की जा सकेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक दिन में व्यक्ति जितना खर्च चाय या पान पर करता है, उतने में रेलवे आम आदमी को महीने भर की सुरक्षित यात्रा उपलब्ध करा रहा है। रेलवे के बुनियादी ढांचे में हुए ऐतिहासिक सुधारों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब रेलवे की सभी लाइनें ब्रॉडगेज हैं और पूरी तरह विद्युतीकृत हो चुकी हैं। पहले मानवरहित लेवल क्रॉसिंग एक बड़ी चुनौती थी जहां अक्सर जनहानि होती थी, लेकिन अब हर जगह रेलवे ओवरब्रिज या अंडरपास बनाकर जनता के प्रति संवेदना दिखाई गई है। स्वच्छ भारत अभियान का असर दिखाते हुए

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के 157 रेलवे स्टेशनों को आधुनिक स्वरूप दिया गया है। स्टेशनों पर काशी का स्वरूप झलकता है और आज ये स्टेशन एयरपोर्ट के किसी वीआईपी लाउंज जैसी अनुभूति कराते हैं। पटरियों और आधुनिक टॉयलेट्स में अब गंदगी नहीं बल्कि साफ सफाई और स्वच्छता दिखती है।

उन्‍होंने बताया कि ईस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर का 1000 किलोमीटर से अधिक हिस्सा अकेले उत्तर प्रदेश से गुजर रहा है। मालगाड़ियों के लिए अलग लाइन होने से अब व्यापारियों का कच्चा माल खराब नहीं होता और वह सुरक्षित व समय पर पहुंच रहा है।

बुलेट ट्रेन की कार्ययोजना पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से भविष्य में दिल्ली और काशी के बीच बुलेट ट्रेन चलने पर यह दूरी मात्र साढ़े तीन घंटे में तय हो जाएगी। यह सुविधा हवाई जहाज की यात्रा से भी अधिक सरल, सुगम और सस्ती होगी।

–आईएएनएस

विकेटी/एएसएच

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.