देशभर में कोरोना मामलों में बेतहाशा वृद्धि से उपजे निराशा के बीच, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने उम्मीद जताई है कि चीजें बदल जाएंगी और एक समय आएगा जब लोग फिर से गले मिलेंगे। राहुल गांधी ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया, “एक दिन हम फिर से गले लगेंगे। मेरा ह्यूमन स्पिरिट और भारतीय स्पिरिट में विश्वास है और इसे लेकर उम्मीद है। हम ठीक हो जाएंगे। हम इस वायरस को हरा देंगे।”
राहुल गांधी ने कहा, “मैं अपने सभी स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं और फ्रंटलाइन कार्यकर्ताओं को उनके बलिदान और निरंतर समर्पण के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं। सैकड़ों और हजारों भारतीय नागरिक अपने साथी देशवासियों की मदद करने के लिए आगे आ रहे हैं। आप में से हर कोई हमें उम्मीद देता है।” इससे पहले राहुल गांधी ने कहा कि कोरोना महामारी से निपटने के लिए ‘झूठे उत्सव और खोखले भाषण’ की नहीं, बल्कि समाधान की जरूरत है।
उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘घर पर पृथक-वास में हूं और लगातार दुखद समाचार आ रहे हैं। भारत में संकट सिर्फ़ कोरोना वायरस ही नहीं है, बल्कि केंद्र सरकार की जन विरोधी नीतियां भी हैं। झूठे उत्सव व खोखले भाषण नहीं चाहिए, देश को समाधान दो!’’
वहीं देश में बीते 24 घंटे में कोरोना से 3 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं। यह महामारी की शुरुआत के बाद से अबतक का सबसे बड़ा एक दिवसीय आंकड़ा है।


Download Android App
Download iOS App



