मसूद पर चीन के अड़ंगे को लेकर बोले राहुल- जिनपिंग से डरते हैं PM मोदी

Summary :

राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा, कमजोर मोदी शी जिनपिंग से डरते हैं। जब चीन भारत के खिलाफ कदम उठाता है तो उनके मुंह से एक शब्द नहीं निकलता है।

आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मसूद अजहर को वैश्विक आतंकवादी घोषित कराने के प्रयास में चीन द्वारा अड़ंगा लगाए जाने के बाद कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से डरते हैं और चीन के खिलाफ उनके मुंह से एक शब्द नहीं निकलता है।

राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा, ”कमजोर मोदी शी जिनपिंग से डरते हैं। जब चीन भारत के खिलाफ कदम उठाता है तो उनके मुंह से एक शब्द नहीं निकलता है।” उन्होंने दावा किया, ”मोदी की चीन कूटनीति : गुजरात में शी के साथ झूला झूलना, दिल्ली में गले लगाना, चीन में घुटने टेक देना रही।”

वही, इससे पहले कांग्रेस ने नरेंद्र मोदी सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि एक बार फिर से ‘‘विफल मोदी सरकार की विफल विदेश नीति’’ उजागर हुई। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट किया, ”आज फिर आतंकवाद के ख़िलाफ़ लड़ाई को चीन-पाकिस्तान गठजोड़ ने आघात पहुंचाया है। आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में यह एक दुखद दिन है।”

उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा, ”56 इंच वाली गले लगने की कूटनीति (हगप्लोमेसी) और झूला-झुलाने के खेल के बाद भी चीन-पाकिस्तान का जोड़ भारत को ‘लाल-आंख’ दिखा रहा है । एक बार फिर एक विफल मोदी सरकार की विफल विदेश नीति उजागर हुई।”

 दरअसल, चीन ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में अजहर को वैश्विक आतंकी घोषित करने वाले प्रस्ताव पर तकनीकी रोक लगा दी। बीते 10 साल में संयुक्त राष्ट्र में मसूद अजहर को वैश्विक आतंकी घोषित कराने का यह चौथा प्रस्ताव था।

Desk Team