नई दिल्ली : लोकसभा चुनावों की नजदीक आती तारीखों के चलते नेताओं के बीच भी जुबानी जंग तेज हो गई है। दिल्ली में पूर्णराज्य के मुद्दे पर चुनाव लड़ने वाली आम आदमी पार्टी (आप) के मुखिया और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अब इस मामले पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी पर करार वार किया है। केजरीवाल ने तिवारी पर बरसते हुए कहा कि तुम लोग कौन होते हो दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा देने वाले, क्या दिल्ली तुम्हारे बाप की है? मनोज तिवारी कौन होता है दिल्ली को पूर्ण राज्य देने वाला?
पूर्णराज्य दिल्ली के लोगों का हक है, या तो उन्हें उनका हक दे दो, दिल्ली के लोगों को मजबूर मत करो वरना दिल्ली की जनता छीनकर अपना हक ले लेगी। शहीदों को याद करते हुए केजरीवाल ने कहा कि इस देश को आजाद करवाने के लिए भगत सिंह, अशफाक उल्ला खान, राजगुरू, सुखदेव ने अपनी कुर्बानी दी थी। बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर ने संविधान में एक व्यक्ति एक वोट का अधिकार दिया था।
बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर जी का बनाया हुआ संविधान हमें अधिकार देता है। अब दिल्ली की जनता अपना अधिकार लेकर रहेगी। इस दौरान केजरीवाल के नेतृत्व में उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और अन्य मंत्रियों,पार्टी एवं पदाधिकारियों ने भाजपा के 2014 के लोकसभा चुनाव का घोषणा पत्र जलाया गया।
केजरीवाल ने कहा कि पिछले 70 सालों से दिल्ली की जनता के साथ अन्याय हो रहा है आज देश के सभी राज्य पूर्णराज्य बन गए हैं लेकिन दिल्ली आज भी आधा-अधूरा राज्य है। उन्होंने कहा कि किसी राज्य की जनता जब अपनी सरकार चुनती है तो उस सरकार के पास जनता को सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के अधिकार होते हैं। लेकिन दिल्ली की सरकार एक ऐसी सरकार है जिसके पास कोई अधिकार नहीं है।


Download Android App
Download iOS App



