नई दिल्ली : अक्सर यात्रियों को परेशान करने वाली ब्लू लाइन ने बुधवार को यात्रियों को खौफनाक मंजर दिखा दिया। दोपहर करीब ढाई बजे द्वारका से नोएडा जा रही मेट्रो के अंतिम कोच में धुआं भर गया। अचानक भरे धुएं के कारण यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई, तभी आपात बटन की मदद से मेट्रो प्रशासन को सूचना दी गई। मेट्रो से मिली जानकारी के अनुसार नोएडा जा रही इस ट्रेन के आखिरी डिब्बे में प्रगति मैदान स्टेशन पर दिन में दो बजकर 35 मिनट पर धुआं देखा गया। इसके बाद एहतियात के तौर पर ट्रेन को अक्षरधाम मेट्रो स्टेशन पर खाली करा दिया गया।
इस घटना में किसी यात्री को कोई नुकसान नहीं पहुंचा और ट्रेन को भी किसी तरह की क्षति नहीं हुई। उन्होंने कहा कि ट्रेन को सेवा से हटा लिया गया और इसे दो बजकर 59 मिनट पर जांच के लिए यमुना बैंक डिपो भेज दिया गया। उन्होंने कहा कि डिब्बे में धुआं भरने के कारणों का अभी पता नहीं चला है। वहीं यात्रियों ने बताया कि मेट्रो में तेज आवाज सुनाई दी। ऐसा लगा कि आग लग रही हो तभी तेजी से धुआं निकला जिसे देख सभी यात्री डर गए।
लोगों को रुला रही ब्लू लाइन
गर्मियां अभी शुरू भी नहीं हुई लेकिन मेट्रो में तकनीकी समस्याएं बढ़ रही है, खासकर ब्लू लाइन में। पिछले कुछ माह में इस रूट पर कई बार समस्याएं देखी गई है। ओएचए के अलावा कई अन्य प्रकार की तकनीकी समस्याएं भी देखी जा चुकी है।
कई यात्रियों की छूट गई ट्रेन
बिहार के लिए आनंद विहार रेलवे स्टेशन से ट्रेन पकड़ने के लिए मेट्रो से जा रहे सुनील महतो ने बताया कि मेट्रो में आई तकनीकी समस्या के कारण उनकी ट्रेन छूट गई। जाम में फंसी बस से परेशान होकर उन्होंने मेट्रो पकड़ी थी लेकिन मेट्रो में आई तकनीकी समस्या के कारण वह 3ः10 तक रेलवे स्टेशन नहीं पहुंच पाए, जिस कारण उनकी ट्रेन छूट गई।


Download Android App
Download iOS App



