भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के लिए रात का वक्त क्यों चुना? संजय झा ने सिंगापुर में बताया

Summary :

रात में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का चयन क्यों, संजय झा ने किया खुलासा

संजय झा ने सिंगापुर में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के रात में अंजाम देने के पीछे कारण बताया कि यह नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए था। उन्होंने पाकिस्तान पर आतंकवाद के समर्थन का आरोप लगाते हुए कहा कि भारत आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में संकल्पित है। सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल ने सिंगापुर की भूमिका को सराहा।

सिंगापुर में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के नेता संजय झा ने बुधवार को कहा कि हम आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में एकजुट हैं और इस दिशा में सिंगापुर की भूमिका अहम है। इस संबंध में उन्होंने सोशल मीडिया एक्स हैंडल पर पोस्ट भी किया।

उन्होंने कहा कि जिस तरह से आपने (सिंगापुर) हमारे सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया, उसके प्रति हम आपका आभार प्रकट करते हैं। दुनिया में शांति स्थापित करने के लिए हमें आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में एकजुट होना होगा। तभी जाकर हम अपने लक्ष्य को प्राप्त कर पाएंगे।

संजय झा ने सिंगापुर में प्रवासी भारतीयों को संबोधित करने के दौरान पाकिस्तान पर जोरदार निशाना भी साधा। बोले, पाकिस्तान की पूरी व्यवस्था ही आतंकवाद पर टिकी हुई है।

उन्होंने कहा, ” पाकिस्तान की पूरी सैन्य व्यवस्था का आधार ही आतंकवाद है। जिसके तहत ये लोग आतंकवाद को वित्त पोषित करते हैं, उन्हें प्रशिक्षित करते हैं और इसके बाद उन्हें सीमापार में अपने नापाक मंसूबों को भारत के खिलाफ धरातल पर उतारने के लिए भेजते हैं। पाकिस्तान अपनी नीति के तहत लगातार आतंकवाद को बढ़ावा दे रहा है, लेकिन अब हम ऐसा होने नहीं देंगे, क्योंकि अब हमने आतंकवाद के खात्मे को अपना लक्ष्य बना लिया है और अब हम इस लक्ष्य को किसी भी कीमत पर पूरा करके रहेंगे।”

‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर उन्होंने कहा, ” कुछ लोग यह कह रहे हैं कि आखिर भारत ने ऑपरेशन को रात में ही क्यों अंजाम दिया, क्योंकि हम नहीं चाहते थे कि इस ऑपरेशन के दौरान किसी आम नागरिक को नुकसान पहुंचे। हमारा एकमात्र लक्ष्य आतंकवादियों और उनके ठिकाने को नेस्तनाबूद करना था, इसलिए हमने इस ऑपरेशन को अंजाम देने के लिए रात का समय चुना।”

संजय झा की अगुवाई वाले सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल में भाजपा सांसद प्रदन बरूआ, बृज लाल, डॉ. हेमांग जोशी और अपराजिता सारंगी, तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी, सीपीआई (एम) सांसद जॉन ब्रिटास और पूर्व राजदूत मोहन कुमार शामिल हैं।

कनिमोझी का प्रतिनिधिमंडल ग्रीस पहुंचा, आतंकवाद के खिलाफ भारत की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति पर करेगा बात

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.