कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने किसान नेता राकेश टिकैत के वाहन पर कथित तौर पर हुए हमले की पृष्ठभूमि में शनिवार को आरोप लगाया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) हमला करना सिखाता है। उन्होंने यह भी कहा कि सब मिलकर संघ का सामना करेंगे और तीनों ‘कृषि विरोधी कानूनों’ को वापस कराके दम लेंगे।
कांग्रेस नेता ने ट्वीट किया, ‘‘उनका संघ हमला करना सिखाता है, अहिंसक सत्याग्रह किसान को निडर बनाता है। संघ का सामना संग मिलकर करेंगे- तीनों कृषि व देश विरोधी क़ानून वापस कराके ही दम लेंगे!’’

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस ‘हमले’ की निंदा करते हुए कहा है कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बता दें, किसान नेता राकेश टिकैत की गाड़ियों के काफिले पर शुक्रवार को राजस्थान के अलवर जिले में कुछ लोगों ने कथित रूप से पत्थर फेंके।
घटना में किसी को चोट तो नहीं लगी लेकिन टिकैत की कार का पिछला शीशा थोड़ा क्षतिग्रस्त हो गया। यह घटना बहरोड़ के ततारपुर चौराहे पर हुई। टिकैत ने शुक्रवार को अलवर में दो किसान रैलियों को संबोधित किया। किसान नेता पर हुए हमले का मामला देर रात दर्ज किया गया। इस मामले में पुलिस ने ABVP के कार्यकर्ता कुलदीप सिंह यादव समेत 14 लोगों को गिरफ्तार किया है।


Download Android App
Download iOS App



