अभिनेता से नेता बने कमल हासन ने बुधवार को कहा कि उनकी पार्टी समान विचारधारा वाली पार्टियों से हाथ मिलाने की इच्छुक है जो भ्रष्टाचार के खिलाफ हैं और जिनका ध्यान तमिलनाडु को एक प्रगतिशील राज्य बनाने पर केंद्रित है।
कमल हासन ने पोल्लाची में पार्टी कार्यालय का उद्घाटन करने के बाद कहा, “मक्कल निधि मय्यम (एमएनएम) उन पार्टियों के साथ हाथ मिलाना चाहती है जिनका सपना तमिलनाडु को प्रगतिशील राज्य और भ्रष्टाचार से मुक्त बनाना है।”
लोकसभा चुनाव लड़ने के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि इसका फैसला पार्टी करेगी। एमएनएम प्रमुख ने कहा कि चूंकि पार्टी तमिलनाडु के फायदे के लिए बनाई गई है ना कि किसी के निजी लाभ के लिए तो इन सभी मुद्दों पर पार्टी विस्तार से चर्चा करेगी।
बता दें कि बीते वर्ष दिसंबर माह में कमल हासन ने ऐलान किया था कि वह 2019 चुनाव लड़ेंगे। हासन ने यह भी कहा था कि वह खुद भी चुनाव लड़ना चाहेंगे। उन्होंने कहा था कि उनकी पार्टी के चुनाव अभियान का फोकस तमिलनाडु का विकास होगा और वह गठबंधन करने के लिए स्वतंत्र हैं।


Download Android App
Download iOS App




