भागलपुर : बदहाल सड़क और धूल से परेशान लोग सोमवार को सड़क पर उतर आए। लोगों ने सबौर केनरा बैंक एवं पानी टंकी के पास सुबह नौ बजे एनएच- 80 को जाम कर दिया। सड़क पर टायर जला अपने गुस्से का इजहार किया और प्रशासन के विरोध में नारेबाजी की। मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाने की भरपूर कोशिश की। पर लोग जामस्थल पर जिले के आलाधिकारियों को बुलाने की मांग कर रहे थे।
चार घंटे के बाद दोपहर एक बजे थानाध्यक्ष राजीव कुमार एवं बीडीओ ममता प्रिया ने लोगों को भरोसा दिया कि सड़क पर पानी का छिड़काव कराया जाएगा और बुधवार को जिला प्रशासन से इस पर वार्ता करवाई जाएगी। तब जाकर लोग जाम हटाने को राजी हुए। इस दौरान करीब चार घंटे तक एनएच 80 पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप रही। सड़क पर दोनों तरफ ट्रक सहित छोटे-बड़े वाहनों की लंबी कतार लग गई।
इस दौरान जाम से परेशान राहगीरों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। अखिल भारतीय कृषि छात्र संघ के बैनर तले ग्रामीणों ने जर्जर सड़क, धूल और जाम के खिलाफ महा जन आंदोलन का बिगुल फूंका। सैकड़ों की संख्या में एकत्रित होकर कृषि विवि से लेकर सबौर केनरा बैंक तक कैंडल जलाकर शांति मार्च निकाला। सरकार व जिला प्रशासन के विरोध में जमकर नारेबाजी की।
सबौर हाई स्कूल चौक पर अब तक सबौर में सड़क दुर्घटना में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी गई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि लोगों में उक्त समस्याओं को लेकर विरोध की ज्वाला भड़क चुकी है। अब भी अगर जिला प्रशासन की नींद नहीं टूटी तो आगे उग्र आंदोलन होगा और उसकी सारी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए क्लिक करे


Download Android App
Download iOS App



