यशवंत सिन्हा आज करेंगे राष्ट्र मंच की शुरुआत, तृणमूल कांग्रेस के सांसद भी होंगे साथ

Summary :

NULL

कई मुद्दों पर केंद्र सरकार की मुखर आलोचना करने वाले वरिष्ठ भाजपा नेता यशवंत सिन्हा आज ‘राष्ट्र मंच’ नाम की संस्था की शुरुआत करेंगे। यह मंच राजनेताओं और अन्य लोगों के लिए होगा जो देश की मौजूदा स्थिति को लेकर ‘‘चिंतित’’ हैं। तृणमूल कांग्रेस के सांसद दिनेश त्रिवेदी ने कहा कि वह भी इसमें मौजूद रहेंगे।

इस बात के भी कयास लगाये जा रहे हैं कि सत्ताधारी गठबंधन के एक असंतुष्ट सांसद भी इसमें शामिल हो सकते हैं। इसमें और कौन शामिल हो रहा है यह पूछे जाने पर सिन्हा ने कहा कि इसका खुलासा मंगलवार को होगा लेकिन उन्होंने कहा कि वे इस मंच में अपनी व्यक्तिगत क्षमता से उपस्थित होंगे और मौजूदा स्थिति को लेकर अपनी चिंताओं को रखेंगे।

उन्होंने कहा, “यह मंच सभी नेताओं के लिये है जो देश की मौजूदा स्थिति को लेकर चिंतित हैं।” यह कार्यक्रम दोपहर 12.30 बजे कॉन्स्टिट्यूशनल क्लब में होगा। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली राजग सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे सिन्हा अक्सर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली मौजूदा सरकार को विभिन्न मुद्दों पर घेरते रहते हैं। इनमें आर्थिक नीति और न्यायपालिका का हालिया संकट भी शामिल है।

24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए यहां क्लिक करें।

Desk Team