लुधियाना : पंजाब के वित्त एवं योजना मंत्री मनप्रीत सिंह बादल ने कारपोरेट घरानों से आहवान किया है कि वे सूबे में शिक्षा एवं सेहत का स्तर बेहतर बनाने के लिए आगे आएं। बादल सोमवार को ग्यासपुरा में वर्धमान गु्रप की ओर से कारपोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी के तहत बनाए वर्धमान ब्लॉक का उद्घाटन करने यहां पहुंचे थे।
काबिलेजिक्र है कि वर्धमान द्वारा स्कूल के आधारभूत ढांचे को मज़बूत करने के लिए 1.82 करोड़ रूपये खर्च किए गए हैं। इसका स्कूल के 1400 से अधिक विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा। नवनिर्मित दो-मंजिला इमारत में 14 खुली कक्षाएं हैं तथा इसमें पीने के स्वच्छ जल की सुविधा के साथ-साथ लडक़े एवं लड़कियों के लिए अलग-अलग साफ-सुथरे शौचालय भी हैं।
पदमभूषण से सम्मानित वर्धमान ग्रुप के चेयरमैन एसपी ओसवाल के नेतृत्व में वर्धमान उद्योग समूह ने कारपोरेट सामाजिक दायित्वों के अन्तर्गत पर्यावरण, शिक्षा, चिकित्सा तथा कौशल विकास के क्षेत्र में विशेषकर पंजाब के ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं के लिए विभिन्न परियोजनाओं का उपक्रम करके समाज को सकारात्मक रूप से काफी प्रभावित किया है।
मोदी सरकार द्वारा पेश किए जाने वाले केंद्रीय बजट पर वित्त मंत्री ने कहा कि वह करीब 15 दिन पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री अरूण जेटली से भेंट करके उन्हें पंजाब की मांगों से संबंधित एक मांग पत्र सौंप कर आए हैं, जिसमें खासकर पंजाब के सीमावर्ती इलाकों के विकास व सीमा सुरक्षा, किसानों व उद्यमियों की मांगें आदि शामिल हैं। उन्हें उम्मीद है कि केंद्र सरकार इस पर जरूर गौर फरमाएगी।
– रीना अरोड़ा
देश की हर छोटी-बड़ी खबर जानने के लिए पढ़े पंजाब केसरी अख़बार।


Download Android App
Download iOS App



