योग भारत की प्राचीन परंपरा, जिसे दुनिया कर रही सलाम: अरुण देव गौतम

Summary :

योग सेहत और समाज की सुरक्षा का आधार: अरुण देव गौतम

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर छत्तीसगढ़ के डीजीपी अरुण देव गौतम ने योग की प्राचीन परंपरा को सराहा और इसे दुनिया भर में स्वीकार किए जाने पर गर्व व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि योग न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी आवश्यक है। पुलिस विभाग में योग प्रशिक्षण अनिवार्य है, जिससे जवान तनावमुक्त रहकर बेहतर सेवा दे सकें।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर छत्तीसगढ़ के डीजीपी अरुण देव गौतम ने योग की ताकत को सराहा। उन्होंने कहा भारत की प्राचीन परंपरा को आज दुनिया सलाम कर रही है। योग दिवस के जरिए सामूहिक जागरूकता फैल रही है, जो हर किसी के लिए जरूरी है। योग न सिर्फ शरीर को चुस्त-दुरुस्त रखता है, बल्कि मन को भी शांत और मजबूत बनाता है। पुलिस विभाग में योग को लेकर खासा उत्साह है। डीजीपी ने बताया कि सभी जवानों और अधिकारियों को ट्रेनिंग के दौरान योग की बेसिक तकनीक सिखाई जाती हैं। हमारी पुलिस अकादमियों में योग प्रशिक्षण अनिवार्य है। पीटी-परेड तो पुराना तरीका है, लेकिन योग के जरिए हम जवानों को शारीरिक और मानसिक रूप से फिट रखते हैं। विभाग समय-समय पर योग शिविर भी आयोजित करता है, ताकि जवान तनावमुक्त रहें और अपनी ड्यूटी को और बेहतर अंजाम दे सकें।

डीजीपी ने जनता और खासकर युवाओं और बच्चों के लिए भी एक खास संदेश दिया। उन्होंने कहा, “योग सिर्फ व्यायाम नहीं, एक जीवनशैली है। ये न केवल आपको बीमारियों से बचाता है, बल्कि नशाखोरी और अपराध जैसी बुराइयों से भी दूर रखता है। अगर युवा पीढ़ी योग को अपनाए, तो समाज में सकारात्मक बदलाव आएगा। हर दिन योग करें, क्योंकि स्वस्थ मन और शरीर ही देश की असली ताकत हैं।”

उन्होंने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ पुलिस, योग के जरिए न सिर्फ अपनी सेहत का ख्याल रख रही है, बल्कि जनता को भी इसके लिए प्रेरित कर रही है। पुलिस विभाग विभिन्न कार्यक्रमों के जरिए स्कूलों, कॉलेजों और समुदायों में योग के फायदे बता रहा है। हम चाहते हैं कि लोग योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। इससे न सिर्फ वे खुद स्वस्थ रहेंगे, बल्कि समाज भी सुरक्षित और सशक्त होगा। योग दिवस पर हम इसे अपनाने की अपील करते है।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस मौके पर प्रदेशवासियों को योग को अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा, “मैं छत्तीसगढ़ के सभी नागरिकों को हार्दिक बधाई देता हूं। योग सिर्फ व्यायाम नहीं, बल्कि एक जीवनशैली है। यह तनाव को दूर करता है, मन को शांत रखता है और हमें बीमारियों से बचाता है। आज का दिन हमें याद दिलाता है कि स्वस्थ जीवन के लिए योग कितना जरूरी है।”

International Yoga Day 2025: PM मोदी के प्रयास से योग मदरसे तक पहुंचा

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.