छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने गुरुवार देर शाम यहां कहा कि युवाओं को संचार क्रांति योजना से देश-दुनिया के साथ कदम मिलाकर चलने का अवसर मिलेगा, और प्रदेश के 50 लाख लोगों को नि: शुल्क स्मार्ट फोन दिए जाने से वे लाभान्वित होंगे, क्योंकि ये स्मार्ट फोन उन्हें सरकार की अनेक जन कल्याणकारी योजनाओं से उन्हें जोड़ेंगे। उन्होंने कहा कि इस योजना की शुरुआत अगस्त में आयोजित होने वाली दूसरे चरण की विकास यात्रा में की जाएगी।
मुख्यमंत्री रमन ने राजनांदगांव के मलपुरी में रानी दुर्गावती बलिदान दिवस के कार्यक्रम में जनता को संबोधित करते हुए रानी दुर्गावती को वीरता और महिला सशक्तिकरण का प्रतीक बताया और कहा कि उनका बलिदान युगों तक याद रखा जाएगा। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर ग्रामीणों को राज्य और केंद्र सरकार की अनेक योजनाओं के बारे में बताया।
उन्होंने ग्राम मलपुरी में गोंडवाना सामुदायिक भवन परिसर में चारदीवारी कराने और वीरांगना दुर्गावती प्रतिमा के लिए 50 लाख रुपये स्वीकृत करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने धामनसरा, मलपुरी, मुड़पार औ कोटराभाठा में कई विकास कार्यो की सौगात दी। ग्राम धामनसरा में वार्ड क्रमांक 18 और 15 वार्ड में गली कंक्रीटीकरण के लिए 10 लाख रुपये, सीसी रोड निर्माण के लिए आठ करोड़ रुपये, सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 19 लाख रुपये मंजूर करने की घोषणा की।
इसके अलावा उन्होंने चांदो डायवर्सन से धामनसरा के किसानों को सिंचाई सुविधा प्रदान करने के लिए नहर नाली के किनारे ट्रांसफॉर्मर और विद्युत खंभे लगाने का भी ऐलान किया।
डॉ. रमन ने धामनसरा में उद्यानिकी महाविद्यालय एवं पंडित किशोरी लाल कृषि महाविद्यालय के विद्यार्थियों को लैपटॉप का भी वितरण किया।
इसके अलावा ग्राम कोटराभांठा में मुंडन संस्कार केंद्र के लिए चार लाख रुपये, सीसी रोड निर्माण के लिए पांच लाख रुपये, सिंचाई नहर में निर्मला घाट निर्माण के लिए 15 लाख रुपये देने की घोषणा की।


Download Android App
Download iOS App



