केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्री रामविलास पासवान ने शुक्रवार को खाद्य वस्तुओं की कीमतों पर नियंत्रण के लिय नियमित रूप से निगरानी रखने की जरूरत बताई। राम विलास पासवान ने यहां राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मंत्रियों के साथ चौथी राष्ट्रीय पराशर्म बैठक में राज्यों से केंद्र के साथ मिलकर काम करने का आग्रह किया, ताकि आवश्यक वस्तुओं की कीमत स्थिर रहे और महंगाई पर नियंत्रण रखा जाए।
खाद्य मंत्री ने कहा कि कहा कि आवश्यक वस्तुओं की कीमतें मौसमी/अल्पकालिक वृद्धि को छोड़कर, बहुधा सापेक्ष रूप से स्थिर रहती हैं, मगर इनपर नियमित रूप से निगरानी रखने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि खाद्य वस्तुओं की कीमतों में जुलाई से नवंबर के बीच बढ़ने की प्रवृत्ति पाई जाती है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली (टीपीडीएस) को पूरी तरह कम्प्यूटरीकृत करने का लक्ष्य इस साल के अंत तक पूरा हो जाएगा।
पासवान ने लक्षित प्रदायगी सुनिश्चित करने के लिए लाभार्थियों की आधार सीडिंग तथा ई-पी.ओ.एस. मशीनों की जरूरत बताई। खाद्य मंत्रालय ने बताया कि रबी विपणन वर्ष 2018-19 में 355 लाख टन गेहूं की खरीद की गई है, जो 320 लाख टन की अनुमानित खरीद से ज्यादा है। मंत्रालय ने कहा कि चालू रबी विपणन वर्ष में पिछले तीन साल में सबसे ज्यादा गेहूं की खरीद हुई है।


Download Android App
Download iOS App



