जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में गुरुवार को सुरक्षाबलों ने आतंकवादी संगठन अल-बदर के 4 आतंकवादियों को गिरफ्तार कर लिया। यह जानकारी पुलिस के एक प्रवक्ता ने दी।
उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर पुलिस के विशेष अभियान समूह (एसओजी), राष्ट्रीय राइफल्स (आरआर) और केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) ने आज तड़के पुलवामा जिले के लारमोड़ में दादसारा में संयुक्त रूप से एक तलाश अभियान चलाया। इस अभियान के दौरान अल-बदर के चार आतंकवादी संदिग्ध अवस्था में पाए गए। आतंकवादियों से हुई पूछताछ में इस बात का खुलासा हुआ है कि वे घाटी में अल-बदर की गतिविधियों में शामिल थे। सुरक्षाबलों ने उनके पास से एक एके-56 राइफल, एक हैंड ग्रेनेड, 28 राउंड गोलियां समेत भारी मात्रा में हथियार एवं गोला बारूद बरामद किया है।

गिरफ्तार किए गए आतंकवादियों की पहचान यावर अजीज डार, सजाद अहमद पारी, आबिद मजीद शेख और शौकत अहमद डार के रूप में की गयी है। अवंतिपोरा पुलिस स्टेशन में इनके खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामले दर्ज किए गए हैं। इससे पहले पुलिस ने बुधवार को त्राल और संगम इलाके से जैश-ए-मोहम्मद के छह आतंकवादियों को गिरफ्तार किया था।


Download Android App
Download iOS App



