अब तक 65,000 से अधिक तीर्थयात्री अमरनाथ गुफा मंदिर में पूजा-अर्चना कर चुके हैं। मंगलवार को चल रही अमरनाथ यात्रा के लिए 6,351 तीर्थयात्रियों का एक और जत्था जम्मू से रवाना हुआ।आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि 30 जून से शुरू हुई अमरनाथ यात्रा सुचारु रूप से चल रही है।
अधिकारियों ने कहा, 30 जून को यात्रा शुरू होने के बाद से 65,000 से अधिक तीर्थयात्रियों ने पवित्र गुफा मंदिर में दर्शन किए। सूत्रों ने कहा, 6,351 यात्रियों का एक और जत्था आज जम्मू के भगवती नगर आधार शिविर से यात्रा करने के लिए दो सुरक्षा काफिले से रवाना हुआ। इनमें से 2,028 बालटाल आधार शिविर जा रहे हैं जबकि 4,323 पहलगाम आधार शिविर जा रहे हैं।
उत्तरी कश्मीर बालटाल मार्ग का उपयोग करने वालों को समुद्र तल से 3,888 मीटर ऊपर स्थित गुफा मंदिर तक पहुंचने के लिए 14 किमी की चढ़ाई करनी पड़ती है। तीर्थयात्री उसी दिन यात्रा करके आधार शिविर लौट जाते हैं।
पारंपरिक दक्षिण कश्मीर पहलगाम मार्ग से गुफा मंदिर की ओर जाने वालों को गुफा मंदिर तक पहुंचने के लिए 4 दिनों में 48 किमी की दूरी तय करनी पड़ती है। तीर्थयात्रियों के लिए दोनों मार्गो पर हेलीकॉप्टर सेवाएं भी उपलब्ध हैं। अमरनाथ यात्रा 2022 का समापन 11 अगस्त को रक्षा बंधन के अवसर पर श्रावण पूर्णिमा को होगा।


Download Android App
Download iOS App



