सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत ने शनिवार को कश्मीर घाटी में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की। राज्य में राज्यपाल शासन लागू होने के बाद यहां उनका पहला दौरा है। रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता कर्नल राजेश कालिया ने कहा, ‘सेना प्रमुख ने आज शनिवार कश्मीर घाटी का दौरा किया और नियंत्रण रेखा तथा अंदरूनी इलाकों में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की।’
उन्होंने कहा कि सेना प्रमुख उत्तरी सैन्य कमान के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल रणबीर सिंह, और चिनार कॉर्प्स के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल ए.के. भट्ट के साथ सीमांत जिलों कुपवाड़ा और बारामूला में नियंत्रण रेखा पर स्थित अग्रिम चौकियों का दौरा किया, जहां उन्हें सामरिक और रसद तैयारियों के सभी पहलुओं पर जानकारी दी गई।
कर्नल कालिया ने कहा, ‘सेना प्रमुख सैन्य इकाइयों द्वारा स्थापित मानक संचालन प्रक्रियाओं और उपायों की तथा शत्रु तत्वों की तरफ से खड़ी की जाने वाली चुनौतियों से निपटने के लिए की गई तैयारियों पर संतोष जताया।’
सेना प्रमुख ने हाल के सफल अभियानों के लिए सैनिकों के प्रदर्शन की प्रशंसा करते हुए दुश्मनों की दुष्टतापूर्ण साजिशों को परास्त करने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरतने की आवश्यकता पर जोर दिया। रावत ने बाद में राज्यपाल एन.एन. वोहरा से राजभवन में मुलाकात की और घाटी के संपूर्ण सुरक्षा हालात पर चर्चा की।
हमारी मुख्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



