गोपेश्वर : सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत ने गुरुवार को उत्तराखंड के चमोली जिले में सीमावर्ती गांवों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात की और भारत-चीन सीमा के निकट गांवों में पौधे लगाए।
सेना प्रमुख ने पलायन रोकने, पर्यावरण संरक्षण और क्षेत्र के आर्थिक विकास के उद्देश्य से गढ़वाल और कुमाऊं के गांवों में चलाए जा रहे वृक्षारोपण कार्यक्रम के अंतर्गत मलारी गांव में अखरोट और कुछ अन्य फलों के पौधे लगाए।
जनरल रावत ने कहा कि कार्यक्रम के अंतर्गत 50,000 फलदायी वृक्ष लगाने का लक्ष्य रखा गया है जिससे सीमावर्ती गांवों का आर्थिक विकास होगा और पलायन रोकने में मदद मिलेगी। उन्होंने स्थानीय लोगों से पर्यावरण को संरक्षित करने की अपील भी की।
उन्होंने गांव वालों को वादा किया कि क्षेत्र में संचार व्यवस्था सुधारने के लिए वह मुख्यमंत्री से बात करेंगे। जनरल रावत ने सेना के जवानों को उनके प्रदर्शन के लिए प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किया।


Download Android App
Download iOS App



