अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद से पार्टी कार्यकारिणी की प्रथम बैठक में शामिल होंगे आजाद,सोनी

Summary :

राज्य सभा में विपक्ष के नेता आजाद जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री हैं जबकि कांग्रेस महासचिव सोनी पार्टी की जम्मू कश्मीर मामलों की प्रभारी हैं।

जम्मू : कांग्रेस ने सोमवार को कहा कि नये केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर में राजनीतिक एवं सुरक्षा हालात का जायजा लेने के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद और अंबिका सोनी बृहस्पतिवार को यहां पहुंचेंगे। पार्टी के एक बयान में यहां कहा गया है कि अपनी दो दिवसीय यात्रा के दौरान वे मौजूदा राजनीतिक घटनाक्रम और पार्टी के लिए भविष्य के खाके पर चर्चा करने के वास्ते 17 जनवरी को प्रदेश कांग्रेस समिति कार्यकारिणी की बैठक में शामिल होंगे। 
पिछले साल अगस्त में अनुच्छेद 370 के ज्यादातर प्रावधानों को हटाए जाने और पूर्ववर्ती राज्य जम्मू कश्मीर को दो केंद्र शासित प्रदेशों –जम्मू कश्मीर एवं लद्दाख– में विभाजित करने के बाद से प्रदेश कांग्रेस समिति कार्यकारिणी की यह पहली बैठक है। नया केंद्र शासित प्रदेश 31 अक्टूबर को अस्तित्व में आया था। राज्य सभा में विपक्ष के नेता आजाद जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री हैं जबकि कांग्रेस महासचिव सोनी पार्टी की जम्मू कश्मीर मामलों की प्रभारी हैं। 

Desk Team