जम्मू कश्मीर के सांबा जिले में सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने घुसपैठ की कोशिश को नाकाम करते हुये अंतरराष्ट्रीय सीमा से एक पाकिस्तानी नागरिक को मंगलवार रात घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी ।
एक अधिकारी ने बताया कि पिछले एक पखवाड़े में सांबा सेक्टर में घुसपैठ का यह दूसरा मामला है ।
एक अधिकारी ने बताया कि एक पाकिस्तानी नागरिक को अंधेरे में अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर भारतीय क्षेत्र में घुसने की कोशिश करते देखा गया।
उन्होंने बताया कि सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने गोलियां चलायीं और एक गोली घुसपैठिये की पीठ में लगी ।
उन्होंने बताया कि इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया और उसका इलाज चल रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि एक अन्य घटनाक्रम में सुरक्षा बलों ने प्रदेश के पुंछ जिले से मंगलवार को दो पिस्तौल और 11 हथगोले बरामद किये ।
इस बीच, रामबन जिले में पुलिस ने बताया कि एक वाहन के फिसलकर 150 फुट गहरी खायी में गिर जाने की घटना में शकील अहमद (19) की मौत हो गयी, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गये ।


Download Android App
Download iOS App



