जम्मू-कश्मीर : रक्षा मंत्री सीतारमण ने राज्यपाल के साथ की सुरक्षा हालात पर चर्चा

Summary :

बयान में कहा गया, रक्षा मंत्री ने बिपिन रावत के साथ राजभवन में राज्यपाल के साथ चर्चा की। राजभवन में उनके पहुंचने पर राज्यपाल ने उनकी अगवानी की।

श्रीनगर : रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण ने रविवार को जम्मू एवं कश्मीर के राज्यपाल सत्यपाल मलिक के साथ सुरक्षा हालात पर चर्चा की। एक बयान में कहा गया, ‘सीतारमण ने सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत के साथ राजभवन में राज्यपाल सत्यपाल मलिक के साथ चर्चा की।’ बयान में कहा गया, ‘राजभवन में उनके पहुंचने पर राज्यपाल ने उनकी अगवानी की।

रक्षा मंत्री ने मलिक को जम्मू एवं कश्मीर का राज्यपाल नियुक्त किए जाने पर शुभकामनाएं दीं।’ राज्यपाल और रक्षा मंत्री ने विशेषकर घुसपैठ के बढ़ते प्रयासों के संदर्भ में आंतरिक और बाहरी सुरक्षा के प्रभावी प्रबंधन से संबंधित कई महत्वपूर्ण अंतर-संबंधित मुद्दों और आतंक रोधी अभियानों पर चर्चा की।

उन्होंने इस साल अक्टूबर- दिसंबर में होने वाले शहरी स्थानीय निकायों और पंचायत चुनावों पर भी विस्तृत चर्चा की। बयान में कहा गया, ‘जम्मू एवं कश्मीर में महत्वपूर्ण सड़क नेटवर्को की मरम्मत और रणनीतिक संपर्को को मजबूत करने की बहुत जरूरत है, विशेषकर लद्दाख क्षेत्र में। इस पर चर्चा की गई।’ राज्यपाल ने आम लोगों की सुरक्षा के लिए सेना के प्रशासन, पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र बलों के साथ सहयोग से कार्य करने की सराहना की।

रक्षा मंत्री ने खोया अपना आपा, कर्नाटक के मंत्री भड़कीं सीतारमण 

Desk Team