विदेश मंत्री S Jaishankar के PoK बयान की जम्मू-कश्मीर विधानसभा में भी गूंज

Summary :

विदेश मंत्री के बयान पर विधानसभा में विपक्ष का पलटवार

विदेश मंत्री एस जयशंकर द्वारा पीओके को लेकर दिए बयान की गूंज जम्मू-कश्मीर विधानसभा में भी सुनाई पड़ी। दरअसल, विदेश मंत्री ने कहा है कि पीओके को वापस लाएंगे। पीओके पर विदेश मंत्री द्वारा दिए बयान पर जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने विधानसभा में कहा कि विदेश मंत्री कह रहे हैं कि पीओके कश्मीर का हिस्सा है, जिसे वापस लाएंगे। मैं पूछना चाहता हूं कि क्या हमने उन्हें कभी रोका, अगर केंद्र सरकार पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर को वापस ला सकती है, तो उसे आज ही ऐसा करना चाहिए।

Jammu-Kashmir: पशुपालन अधिकारी रिश्वत लेते गिरफ्तार, CBI ने भेजा न्यायिक हिरासत में

मुख्यमंत्री के इस बयान पर पलटवार करते हुए जम्मू-कश्मीर विधानसभा में विपक्ष के नेता सुनील शर्मा ने कहा कि विदेश मंत्री एस जयशंकर ने विदेश में यह बात कही है और उमर अब्दुल्ला यहां जवाब दे रहे हैं। मुझे बताएं, क्या उनके लिए यहां जवाब देने के लिए कोई जगह या समय है। क्या किसी ने उनसे इस पर जवाब मांगा। विधानसभा में किसी भाजपा के सदस्य ने उनसे सवाल किया। आपको जिन सवालों का जवाब देना चाहिए, उन सवालों को जवाब नहीं देते हैं। मैं मानता हूं कि पीओके भारत का अंग है और इसे वापस लेकर रहेंगे, हमें कोई रोक नहीं सकता है।

कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर द्वारा पूर्व पीएम राजीव गांधी पर दिए बयान पर भाजपा नेता सुनील शर्मा ने कहा कि कांग्रेस कमजोर हो गई है और आने वाले वर्षों में खुद लड़ते- लड़ते खत्म हो जाएगी। इनके अवशेष भी नहीं बचेंगे। जम्मू-कश्मीर बजट 2025-26 पर भाजपा नेता सुनील शर्मा ने कहा कि बजट में कुछ भी नहीं है, ये केंद्र प्रायोजित योजनाएं हैं। मैंने आज कई योजनाओं का उल्लेख किया, और उनके विवरण पर चर्चा की जाएगी। मोदी सरकार ने जम्मू-कश्मीर को जो 41,000 करोड़ रुपये का तोहफा दिया है, उन आंकड़ों को ऊपर या नीचे समायोजित किया जा सकता है। क्योंकि उमर अब्दुल्ला सरकार ने बीते पांच महीने में कोई जादू नहीं किया है, जिससे रेवेन्यू बढ़ा हो। स्टेट के पास जब रेवेन्यू नहीं होगा, तो बजट क्या पेश होगा।

विदेश मंत्री एस. जयशंकर के पीओके संबंधी बयान पर जेकेपीसीसी अध्यक्ष तारिक हमीद कर्रा ने कहा कि मुझे नहीं पता कि एस. जयशंकर ने किस इरादे से उस कथन का इस्तेमाल किया। लेकिन जहां तक ​​पीओके का सवाल है, यह तय मामला है कि पीओके जम्मू-कश्मीर का हिस्सा है, जो भारत का अभिन्न अंग है। अगर आज भाजपा से पूछा जाए कि उन्हें कार्रवाई करने से किसने रोका है, तो मैं मानता हूं कि किसी ने उन्हें नहीं रोका है। हालांकि, जहां तक ​​कांग्रेस पार्टी का सवाल है, अगर भाजपा के पास ऐसा करने का कोई तरीका है, तो कांग्रेस पार्टी उनका समर्थन करेगी।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.