आपस में भिड़ीं अमरनाथ तीर्थयात्रियों की चार बसें, 25 श्रद्धालु घायल

Summary :

अमरनाथ यात्रा के लिए तीर्थयात्रियों को ले जा रही चार बसों की रामबन जिले में टक्कर हो गई, जिसमें करीब 25 लोग घायल हो गए. यह हादसा शनिवार को चंदरकोट इलाके में स्थित एक लंगर स्थल के पास हुआ. प्रशासन के मुताबिक, हादसे की वजह एक बस का ब्रेक फेल होना बताया गया है. ब्रेक फेल होने के कारण चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और उसकी बस सामने चल रही अन्य तीन बसों से टकरा गई. ये सभी बसें अमरनाथ यात्रा के तीर्थयात्रियों को लेकर पहलगाम की ओर जा रही थीं. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, हादसे के तुरंत बाद…

अमरनाथ यात्रा के लिए तीर्थयात्रियों को ले जा रही चार बसों की रामबन जिले में टक्कर हो गई, जिसमें करीब 25 लोग घायल हो गए. यह हादसा शनिवार को चंदरकोट इलाके में स्थित एक लंगर स्थल के पास हुआ. प्रशासन के मुताबिक, हादसे की वजह एक बस का ब्रेक फेल होना बताया गया है. ब्रेक फेल होने के कारण चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और उसकी बस सामने चल रही अन्य तीन बसों से टकरा गई. ये सभी बसें अमरनाथ यात्रा के तीर्थयात्रियों को लेकर पहलगाम की ओर जा रही थीं.

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, हादसे के तुरंत बाद राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया. पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं और सभी घायलों को नजदीकी जिला अस्पताल रामबन ले जाया गया. अधिकारियों ने बताया कि अधिकतर तीर्थयात्रियों को मामूली चोटें आई हैं. प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है.

डिप्टी कमिश्नर ने अस्पताल का किया दौरा 

रामबन के उपायुक्त (डीसी) इलियास खान ने खुद अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना. उन्होंने स्थानीय मीडिया को बताया, “चार बसें एक-दूसरे से टकराईं क्योंकि एक बस का ब्रेक फेल हो गया था. लगभग 20-25 तीर्थयात्री घायल हुए हैं, लेकिन अधिकतर की हालत स्थिर है. उन्हें इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है.”

वैकल्पिक परिवहन की व्यवस्था

डीसी खान ने यह भी बताया कि प्रशासन ने यात्रियों की आगे की यात्रा को सुनिश्चित करने के लिए वैकल्पिक परिवहन की व्यवस्था की है. उन्होंने कहा, “हमने प्रतिस्थापन बसों का इंतज़ाम कर दिया है ताकि किसी की यात्रा बाधित न हो. जिन्हें अस्पताल से छुट्टी दी गई है, उन्हें भी नई बसों में समायोजित कर दिया जाएगा.”

जांच जारी

प्रशासन ने हादसे की जांच के आदेश दिए हैं. दुर्घटना की असली वजह और जिम्मेदारियों का पता लगाने के लिए संबंधित विभाग कार्य कर रहे हैं. अधिकारियों ने यह भी कहा कि यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है और आगे ऐसी घटनाएं न हों इसके लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे.

यह भी पढ़ें-Amarnath Yatra: जम्मू से रवाना हुआ भक्तों का दूसरा जत्था, अर्धसैनिक बलों की 600 कंपनियां तैनात

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।