मौसम में सुधार के साथ ही अमरनाथ यात्रा एक दिन बाद फिर शुरू, चौथा जत्था रवाना

Summary :

NULL

श्रीनगर / जम्मू : खराब मौसम के चलते कल एहतियातन रोकी गई अमरनाथ यात्रा आज फिर शुरू कर दी गई। जम्मू – श्रीनगर राजमार्ग पर यातायात बहाल होने के बाद आज 6,877 श्रद्धालुओं का चौथा जत्था कश्मीर के दो अलग – अलग शिविरों के लिए रवाना हुआ। बाढ़ के चलते घाटी में कल एहतियातन राजमार्ग पर यातायात बंद कर दिया गया था। झेलम नदी में पानी का स्तर घटने के मद्देनजर अधिकारियों ने भगवती नगर आधार शिविर से श्रद्धालुओं को यात्रा की अनुमति दी।

amarnath yatra 4th batch

श्रीनगर में श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड (एसएएसबी) के प्रवक्ता ने कहा, ”आज सुबह दोनों मार्गों (पहलगाम और बालटाल) पर यात्रा बहाल कर दी गई।” उन्होंने बताया कि मौसम में सुधार और मार्ग की स्थिति बेहतर होने के बाद अनंतनाग जिले के पहलगाम मार्ग और गांदेरबल जिले के बालटाल मार्ग स्थित शिविरों की ओर श्रद्धालुओं को पैदल यात्रा की अनुमति दे दी गई।

 भूस्खलन और बारिश के चलते सड़कों पर फिसलन हो जाने के कारण कल यात्रा स्थगित कर दी गई थी। सिर्फ 587 श्रद्धालु ही हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल कर गुफा के दर्शन कर पाए थे। अमरनाथ गुफा के दर्शन के लिए यात्रा 28 जून को कई घंटों की देरी से शुरू हुई । लगातार बारिश के कारण यह बार – बार प्रभावित हो रही है। इस साल 60 दिन तक चलने वाली इस यात्रा का समापन 26 अगस्त को ‘रक्षा बंधन’ के त्योहार पर होगा।

Desk Team